
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन: सिंहस्थ-2028 की तैयारी के तहत महाकाल क्षेत्र को पूरी तरह कब्जामुक्त करने के मिशन में बुधवार को उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने बेगमबाग क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन, राजस्व और पुलिस की टीम सुबह आठ बजे 16 मकानों पर बुलडोजर चलाने पहुंची। कार्रवाई शुरू हुई और शाम तक 12 मकान पूरी तरह ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई और किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
यूडीए सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि जिन भूखंडों पर कार्रवाई की गई, उनकी लीज क्रमांक 26, 48 और 63 वर्षों पहले निरस्त की जा चुकी थी। बावजूद इसके वहां अवैध कब्जे और निर्माण जारी थे। इन मकानों को महाकाल क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत हटाया गया है।
प्रभावितों को पहले ही नोटिस दिए गए थे। यह क्षेत्र महाकाल मंदिर विस्तार योजना का केंद्र माना जाता है, जहां पाथवे, पार्किंग, ग्रीन बेल्ट और स्मार्ट लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे पहले यूडीए ने 23 मई, 11 जून, 29 अगस्त और 11 सितंबर को कार्रवाई कर 12 भूखंडों से कब्जे हटाए थे। इन पर बने होटल, मकान और दुकानों को गिराया गया था। अब बेगमबाग के शेष हिस्से को मुक्त कराने का अभियान जारी है।
यह भी पढ़ें- MP कांग्रेस में 'नई बनाम पुरानी' जंग, दिग्विजय-कमलनाथ का खुला विरोध, वरिष्ठ नेताओं पर अपशब्द कहने से हड़कंप