Ujjain News : सम्राट विक्रमादित्य की प्रतिमा पर फिर से लगा छत्र, निगम ने कराया सुंदरकांड पाठ
Ujjain News : गुड़ी पड़वा एवं उज्जैन नगर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम ने सुंदरकांड पाठ कराया।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Wed, 22 Mar 2023 06:05:47 PM (IST)
Updated Date: Thu, 23 Mar 2023 08:53:42 AM (IST)

Ujjain News : उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। सम्राट विक्रमादित्य के सिंहासन से गायब छत्र गुड़ी पड़वा पर फिर लग गया। उनके दरबारियाें के टूटे सिंहासन की मरम्मत और परिसर की बेहतर साफ-सफाई भी कर दी गई। सम्राट के दरबार की खूबसूरती बढ़ाने के लिए आकर्षक लाइट भी लगाई गई।
मालूम हो कि दो दिन पहले नईदुनिया ने ‘राजा विक्रमादित्य की दरबार का छत्र गायब, दरबारियों के सिंहासन टूटे’ शीर्षक से पर्यटन के प्रमुख केंद्र विक्रमादित्य टीले की खबर छायाचित्र के साथ प्रकाशित की थी।
अगले ही दिन महापौर मुकेश टटवाल ने मामला संज्ञान में लेकर विक्रमादित्य टीले का निरीक्षण किया था और अफसरों को सम्राट के सिंहासन का छत्र दोबारा लगाने और मरम्मत एवं सफाई कार्य करने के निर्देश दिए थे। गुड़ी पड़वा एवं उज्जैन नगर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में यहां बुधवार को नगर निगम ने सुंदरकांड पाठ कराया।
बता दे कि महाकालेश्वर मंदिर के पीछे रूद्रसागर के बीच बने विक्रमादित्य टीले को लेकर किवदंति है कि ये वहीं स्थान है जहां सम्राट विक्रमादित्य का दरबार लगा करता था। इसलिए उनके गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी को अवगत कराने के लिए यहां मूर्ति शिल्प स्वरूप में सम्राट का पूरा दरबार सजाया गया है, जहां उनके नौ रत्नों की मूर्ति और उनके समय प्रचलित मुद्रा आदि की प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं। 32 पूतियों की स्थापना भी उनके परिचय के साथ स्थापित की गई है।