
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : डोल ग्यारस पर मंगलवार को भगवान महाकाल के सेनापति और उज्जैन के नगर कोतवाल भगवान कालभैरव नगर भ्रमण पर निकलेंगे।
मंदिर की परंपरा अनुसार, शाम चार बजे कालभैरव मंदिर से राजसी वैभव के साथ सेनापति की सवारी शुरू होगी। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा पालकी में विराजित भगवान के रजत मुखारविंद एवं चरण पादुकाओं का पूजन कर सवारी को नगर भ्रमण के लिए रवाना करेंगे। मंदिर प्रबंधक संध्या मार्कण्डेय ने बताया मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र बल की टुकड़ी सेनापति को गार्ड आफ आनर देगी।
भगवान कालभैरव को भगवान महाकाल का सेनापति और उज्जैन का कोतवाल माना जाता है। कालभैरव वर्ष में दो बार नगर भ्रमण पर निकलते हैं। पहली सवारी मार्गशीर्ष कृष्ण अष्टमी पर भैरव जन्मोत्सव के अगले दिन तथा दूसरी भाद्रपद शुक्ल एकादशी यानी डोल ग्यारस पर निकाली जाती है।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण को मिली रफ्तार, 272 भवनों की मार्किंग शुरू, 136 मकान जल्द तोड़े जाएंगे
महाकाल मंदिर के पंडित संजय पुजारी ने बताया कि भगवान कालभैरव के लिए सिंधिया शाही की पगड़ी ग्वालियर स्थित राज महल से उज्जैन आएगी। मंगलवार तड़के चार बजे राज महल के ओहदेदार पगड़ी लेकर उज्जैन पहुंचेंगे। मंगलवार दोपहर 3.30 बजे कलेक्टर एवं एसपी पूजा-अर्चना कर भगवान काल भैरव को शाही पगड़ी धारण कराएंगे।
यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट, बेटी के सामने मां को पीटा, बाल खींचकर छीना मोबाइल, Video वायरल