
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। इंदौर-अहमदाबाद रोड पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उज्जैन से मोरबी जा रही यात्रियों से भरी एक बस भेरू चौकी के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 45 यात्री सवार थे। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 8 यात्री घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरवी-13 और एफआरवी-11 की टीमें बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एफआरवी वाहनों की मदद से शासकीय अस्पताल सरदारपुर पहुंचाया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया। साथ ही घायलों के स्वजन को भी घटना की सूचना दी गई। राहत की बात यह है कि सभी घायल सुरक्षित हैं और अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
हादसे में कमल (25), रोहित (30), नामदेव, बद्री, शरद, संजय, शिवकरण और फारूक मंडलिया घायल हुए हैं।
इस पूरे राहत अभियान में एफआरवी-13 अमझेरा के आरक्षक रामनरेश यादव (461) और पायलट नरेंद्र सिंह पटेल सहित एफआरवी-11 की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की उनकी तत्परता सराहनीय रही।
यह भी पढ़ें- धार में बेखौफ दौड़ रहे ओवरलोड वाहन... चलती जीप की छत से गिरे तीन युवक, गंभीर हालत में बड़वानी रेफर
हादसे के वक्त जब यात्रियों को मदद की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब डायल-112 की टीम ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस की इसी मुस्तैदी और मानवीय संवेदनशीलता ने घायलों को समय पर उपचार दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें- बिहार से अंबिकापुर आ रही बस खजूरी बांध के पास पेड़ से टकराई, कंडक्टर की मौत, ड्राइवर घायल