उमरिया में सोन नदी पार करते समय 23 वर्षीय युवक डूबा, एनडीआरएफ की टीम चला रही रेस्क्यू ऑपरेशन
ग्राम पंचायत सेहरा में सोन नदी पार करते समय 23 वर्षीय युवक के डूबने का मामला सामने आया है।
Publish Date: Mon, 19 Oct 2026 03:35:40 PM (IST)Updated Date: Mon, 19 Oct 2026 03:35:40 PM (IST)
NDRF की टीम कर रही तलाश, नईदुनियाHighLights
- सोन नदी में उतरा युवक लापता
- NDRF की टीम कर रही तलाश
- परिवार के साथ आया था सेहरा
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सेहरा में सोन नदी पार करते समय 23 वर्षीय युवक के डूबने का मामला सामने आया है।
युवक शहडोल जिले का निवासी है और नवरात्रि के दौरान अपनी मां तथा बहन के साथ धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सेहरा आया था। घटना के बाद से युवक की तलाश की जा रही है। खोजबीन के लिए एनडीआरएफ की टीम को लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनासी के कुसरिया निवासी 23 वर्षीय दीवान सिंह गोंड अपनी मां और बहन के साथ ग्राम सेहरा आया था।
नवरात्रि की चहल-पहल के बीच परिवार को सत्यनारायण कथा सुननी थी और देवी दर्शन करने थे। इसी धार्मिक उद्देश्य से वे सेहरा पहुंचे थे। इसी दौरान सोन नदी पार करते समय दीवान सिंह नदी में डूब गया।
हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
युवक के नदी में डूबने की खबर मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। मां और बहन के साथ धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आए युवक के साथ हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक की तलाश शुरू की गई। नदी में डूबने के कारण उसकी खोजबीन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए युवक को खोजने के लिए एनडीआरएफ की टीम लगाई गई है। टीम सोन नदी में संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है। युवक का अब तक पता चलने की जानकारी नहीं मिली है। उसकी तलाश जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर नदी पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों और ग्रामीण क्षेत्रों में नदी पार करने के दौरान होने वाले जोखिमों को सामने ला दिया है। फिलहाल परिजनों को युवक के मिलने का इंतजार है और खोजबीन अभियान पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।