
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। मध्य प्रदेश के जंगलों में बाघों की जान बंदूक की गोली से ही नहीं, वाहनों में इस्तेमाल होने वाले क्लच वायर के फंदे से भी ली जा रही है। दो दिन पहले पन्ना टाइगर रिजर्व से लगे उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज के मनकी बीट में एक वयस्क बाघिन की मौत ने इस खतरे को फिर उजागर किया है।
बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा फंसा मिला, जिससे दम घुटने की आशंका है। घावों की स्थिति देख कई दिनों तक फंदे में उसके फंसे रहने और घायल अवस्था में भटकने की आशंका जताई गई। बाद में उसकी मौत हो गई।
प्रदेश में वन्य जीवों के शिकार के इस तरह के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। गले में क्लच वायर का फंदा फंसने से छोटा भीम नाम के बाघ की तीन महीने चले उपचार के बाद दो फरवरी 2025 को भोपाल स्थित वन विहार में मौत हो गई थी।
क्लच वायर से चीतल का किया शिकार
इसी तरह, अप्रैल 2025 में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली वन परिक्षेत्र में शिकारियों ने क्लच वायर का फंदा लगाकर एक चीतल का शिकार किया था। वन विभाग की टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। वहीं, फरवरी 2023 में कान्हा के बफर जोन की भैसानघाट बीट में एक युवा बाघिन शिकारियों द्वारा बिछाए गए क्लच वायर के फंदे में फंस गई थी। वन विभाग ने तीन हाथियों और 50 कर्मचारियों की टीम के साथ उसका रेस्क्यू कर इलाज किया था।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में किसानों का एलान, धान खरीदी और रकबा कटौती को लेकर करेंगे आंदोलन; प्रति एकड़ 19257 राशि की मांग
इसके फंदे के खांचे से बचना मुश्किल
ऑटोमोबाइल दुकानों पर क्लच वायर सस्ता और आसानी से मिल जाता है। स्टील के पतले तारों से गुंथा होने के कारण यह बहुत मजबूत होता है। वन्य जीव खुद को छुड़ाने के लिए जितना छटपटाता है, फंदा उतना ही कसता जाता है और गहरा घाव कर देता है।
फंदा तैयार करने वाले वायर को मोड़कर उसमें इस तरह खांचे तैयार कर लेते हैं कि कसाव की दिशा में तो गठान सरकती है, पर ढीलाई की तरफ लौटती नहीं है। इससे कसाव लगातार बढ़ता जाता है। उसके उपयोग की वन कर्मियों को तुरंत भनक भी नहीं लग पाती।
यह भी पढ़ें- चार राज्यों के 11 शहरों में जुड़ा भिंड के युवक का बैंक खाता, ग्वालियर पुलिस के ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 में खुलासा