
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। शहर के विकटगंज स्थित पुरानी आरटीओ कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने ऐसा दुस्साहस किया कि घर के अंदर परिवार के लोग मौजूद थे और चोरों ने कमरे के बाहर से कुंडी लगाकर मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
सुबह मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिलने और घर में सामान अस्त-व्यस्त पाए जाने के बाद चोरी की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि मकान रिटायर्ड बैंककर्मी श्री खंडेलवाल का है। वारदात के दौरान परिवार के सभी लोग घर में मौजूद थे। चोरों ने पहले कमरे के बाहर से कुंडी लगा दी,जिससे अंदर मौजूद लोग बाहर न निकल सकें।
इलाके में दहशत और नाराजगी
इसके बाद मकान के दूसरे हिस्से में चोरी की गई। घटना के दौरान परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। फिलहाल चोर कितने माल पर हाथ साफ कर गए हैं, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। सामान के मिलान के बाद ही चोरी की वास्तविक जानकारी स्पष्ट होगी। घटना के बाद पुरानी आरटीओ कॉलोनी के रहवासियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
संभावना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में चोरों की गतिविधियां कैद हुई हों। फुटेज की जांच से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। बताया जा रहा है कि यह मकान शहर के बड़े कारोबारी रहे स्वर्गीय चिम्मन लाल खंडेलवाल के दामाद का है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
खास बात यह भी है कि करीब एक साल पहले इसी क्षेत्र में आसपास के कई मकानों को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। लगातार चोरी की घटनाओं से रहवासी अब रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में नियमित गश्त बढ़ाने,संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।