
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। उमरिया से शहडोल जिले के अमलाई जा रहे एक बाइक सवार की घुनघुटी में मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रवि सिंह पीलिया की बीमारी से पीड़ित था और उमरिया से अमलाई जाते समय उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। हालांकि उसकी मौत को लेकर सड़क की खराब स्थिति और दलदल के बीच पैदल चलने में हुई परेशानी की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना घुनघुटी के बिजोरा टोला के पास की बताई जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर सड़क की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि घटनास्थल के संबंध में बताया जा रहा है कि वहां सड़क समतल है। ऐसे में रवि सिंह की मौत का कारण केवल सड़क की खराब स्थिति को मानना उचित नहीं होगा। बताया गया है कि वह पहले से पीलिया से पीड़ित था और रास्ते में उसकी तबीयत अधिक बिगड़ गई।
दरअसल, घुनघुटी से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर दो दिन पहले सड़क पर मिट्टी डलवाई गई थी। इसके बाद हुई बारिश ने सड़क की हालत और बिगाड़ दी। मिट्टी गीली होकर दलदल में तब्दील हो गई है। हालात यह हैं कि पिछले 24 घंटे से अधिक समय से इस मार्ग पर वाहन लगातार फंस रहे हैं। छोटे वाहनों से लेकर भारी वाहनों तक को निकलने में परेशानी हो रही है। कई वाहन सड़क के बीचोंबीच फंस जाने के कारण लंबा जाम लग रहा है। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
घुनघुटी चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क पर मिट्टी डलवाने के कारण वाहन लगातार जाम हो रहे हैं। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि भारी और छोटे वाहन भी ठीक से नहीं निकल पा रहे हैं। पुलिस बल लगातार व्यवस्था बनाने में जुटा हुआ है। किसी तरह वाहनों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वाहनों को निकालने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें- सड़क हादसे में MANIT छात्र की मौत; भोपाल में डिवाइडर से टकराकर नाली में गिरी बाइक
एनएच-43 पर निर्माण और मरम्मत के नाम पर की जा रही लापरवाही का खामियाजा अब राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश के बीच बिना उचित व्यवस्था के मिट्टी डालने से सड़क की स्थिति और बदतर हो गई है। जाम में फंसे यात्रियों के लिए यह मार्ग किसी मुसीबत से कम नहीं है। वहीं रवि सिंह की मौत की घटना ने सड़क की बदहाली के बीच यात्रियों की परेशानियों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
यह भी पढ़ें- भोपाल: मां और दो बच्चों की जहर खाने से मौत, अरवलिया में पड़ोसियों ने गेट तोड़कर निकाला