भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, BSF ने चेतावनी देने के बाद गोली मारकर किया ढेर
पंजाब के पठानकोट में भारत-पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 11:29:32 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 11:29:32 AM (IST)
इलाके में चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन,HighLights
- पठानकोट में पाक की घुसपैठ की कोशिश
- BSF के जवानों ने गोली मारकर किया ढेर
- इलाके में चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन
डिजिटल डेस्क, पठानकोट। पंजाब के पठानकोट में भारत-पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पाकिस्तानी घुसपैठिए को गोली मारकर ढेर कर दिया।
बीएसएफ के अधिकारियों ने जानकारी दी कि, शुक्रवार को पंजाब में पाकिस्तान के साथ लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ के जवानों ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गोली मारकर ढेर कर दिया। यह घटना पठानकोट में उझ नदी के पास पहाड़पुर बॉर्डर पोस्ट इलाके में तड़के करीब 2 बजे हुई।
सर्दी में तेज हो जाती है ऐसी घटनाएं
आगे अधिकारियों ने बताया कि, घुसपैठिए को रुकने के लिए कहा गया था, लेकिन वह अंतर्राष्ट्रीय सीमा की ओर बढ़ता रहा, जिसके बाद BSF जवानों ने उसे गोली मार दी। बता दें कि, सर्दी के मौसम में ऐसी घटनाएं तेज हो जाती है। यही कारण है कि बॉर्डर इलाके में पुलिस की ओर से सुरक्षा प्रबंध और मजबूत किए जा रहे हैं।
सर्च ऑपरेशन किए गए तेज
ऐसी गतिविधियों को देखते हुए पुलिस और बीएसएफ दोनों मिलकर संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। वहीं, सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उचित कदम उठाते हुए प्रत्येक पुलिस नाके पर तैनात कर्मचारियों को विशेष सतर्कता और सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।