स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी लीग यानी आईपीएल का मिनी ऑक्शन गोवा में होने जा रहा है। यह नीलामी 16 दिसंबर को होगी और इसके लिए 1220 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इस ऑक्शन से पहले 32 साल के भारतीय क्रिकेटर ने संन्यास की घोषणा कर दी।
सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट
बाबा अपराजित ने इंस्टाग्राम पर संन्यास की घोषणा करते लिखा, मैंने अपना आखिरी फर्स्ट-क्लास क्रिकेट मैच 24 जनवरी 2026 को खेला, और इसके साथ ही आधिकारिक तौर पर मेरे फर्स्ट-क्लास क्रिकेट करियर का समापन हो गया। उन्होंने आगे लिखा, जब पीछे मुड़कर देखता हूं, तो यह एक शानदार सफर रहा है, जो अनुभवों, चुनौतियों, सीख, दोस्ती और ऐसी यादों से भरा है, जिन्हें मैं जीवन भर संजोकर रखूंगा।
उन्होंने लिखा, तमिलनाडु, इंडिया अंडर-19, इंडिया ए, केरल, चेन्नई सुपर किंग्स, राइजिंग पुणे सुपर जायंट, TNPL फ्रेंचाइजी और अपनी क्लब टीमों का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात रही है।
मैं उन कई टीमों और ड्रेसिंग रूम्स का हिस्सा रहा हूं, जिन्होंने मेरे इस सफर को आकार दिया है, हर अनुभव ने मुझे एक क्रिकेटर और एक इंसान, दोनों ही रूपों में ढालने में अहम भूमिका निभाई है। अपने पूरे करियर के दौरान मिले मौकों और समर्थन के लिए मैं BCCI, TNCA और KCA का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।
बाबा अपराजित का क्रिकेट करियर
बता दे कि, बाबा ने साल 2011 में तमिलनाडु के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने जनवरी 2026 में केरल के खिलाफ अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच खेला। उन्होंने 102 फर्स्ट क्लास, 114 लिस्ट ए और 63 टी-20 मैच खेले हैं।
102 फर्स्ट क्लास मैच में उनके नाम 5199 रन है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 12 शतक और 27 अर्धशतक है। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 75 विकेट भी चटकाए हैं। बाबा अपराजित आईपीएल में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स और चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा रहे।
हालांकि, उन्हें आईपीएल डेब्यू का मौका नहीं मिल सका। वह 2012 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्य थे। अब उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कह दिया है।