
डिजिटल डेस्क, नईदिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी CJP के धरना-प्रदर्शन (CJP Protest) के बीच राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। संसद मार्ग और टॉलस्टाय मार्ग सहित कई संवेदनशील इलाकों में भारी बैरिकेडिंग की गई है तथा बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो की सेवाओं पर भी असर पड़ा है और कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट और अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई है।
CJP ने शुक्रवार को पूरे देश में जिला स्तर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। संगठन ने एक्स पर जारी पोस्टर के माध्यम से सभी छात्र संगठनों से एकजुट होकर प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की है। संगठन का कहना है कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किए जाएंगे।

धरना-प्रदर्शन के चलते संसद मार्ग और टॉलस्टाय मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर आवाजाही सीमित कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और उपद्रव की घटनाओं को देखते हुए दिल्ली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 20 कंपनियां तैनात की गई हैं। इन्हें गृह मंत्रालय के निर्देश पर बुधवार को पश्चिम बंगाल से बुलाया गया था। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रदर्शन स्थल के दो किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी गई हैं। इससे प्रदर्शनकारियों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रायसीना रोड, बाराखंभा और अशोक रोड जैसे इलाकों में रहने और काम करने वाले लोगों पर इसका सीधा असर पड़ा है।
इंटरनेट बंद होने से ऑनलाइन फूड डिलीवरी और कैब बुकिंग जैसी सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे दैनिक गतिविधियों में बाधा देखी गई।
सुरक्षा कारणों से जनपथ के बाद कनॉट प्लेस को भी शाम के समय पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने इस संबंध में एक सर्कुलर जारी कर दुकानदारों, रेस्त्रां संचालकों और कार्यालयों से गुरुवार शाम साढ़े छह बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद करने का अनुरोध किया।
एनडीटीए के सचिव अमित गुप्ता ने बताया कि यह निर्देश उन्हें नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) की ओर से प्राप्त हुआ था। लगातार चार दिनों से जारी तनावपूर्ण स्थिति के कारण कनॉट प्लेस के करीब 2,000 कारोबारी प्रतिष्ठानों और कार्यालयों का कामकाज गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है।
Service Update
Below mentioned Metro stations will be closed from 07:30 AM tomorrow (24th July, 2026) till further instructions. However, Interchange facility shall remain available at Rajiv Chowk, Mandi House and Central Secretariat.
1. Lok Kalyan Marg
2. Rajiv Chowk
3.…
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) July 23, 2026
गुरुवार को भी टॉलस्टाय मार्ग और संसद मार्ग पर सुरक्षा बलों तथा प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। टॉलस्टाय मार्ग पर एक-दो बार झड़प की स्थिति बनी, जिसके बाद लाठीचार्ज भी किया गया। संसद मार्ग पर भी हालात तनावपूर्ण बने रहे और सुरक्षा बल लगातार स्थिति पर नजर रखते रहे।
धरना-प्रदर्शन में अब विभिन्न आयु वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। कई देशी और विदेशी पर्यटक भी ट्रॉली बैग के साथ प्रदर्शन स्थल के आसपास दिखाई दिए। जंतर-मंतर पर सुबह स्वास्थ्य कारणों से अभिजीत दीपके मंच से दूर रहे, जबकि अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभाली।
इस दौरान जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती सहित कई राजनीतिक प्रतिनिधियों का मंच पर आने का सिलसिला भी जारी रहा।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए सुबह 7:30 बजे से 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया है।
बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- PM Modi Video: पेपर लीक पर देर रात पीएम मोदी ने जारी किया वीडियो, 5 प्वाइंट में समझें उनके संबोधन की 5 बड़ी बातें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर और अधिक कठोर कदम उठाने जा रही है। फेसबुक पर जारी वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि आज होने वाली कैबिनेट बैठक में पेपर लीक के खिलाफ और सख्त फैसले लिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार पेपर लीक माफिया पर और कड़ी चोट करेगी तथा छात्रों का भविष्य बर्बाद करने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य विषय नहीं है, बल्कि यह लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
यह भी पढ़ें- सोनम वांगचुक ने आखिर 26 दिन बाद अनशन तोड़ा, पीएम मोदी ने तुरंत दी प्रतिक्रिया, कहा-जल्द पुराना वज़न प्राप्त करें
गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक का अनशन 27वें दिन समाप्त हुआ। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उन्हें जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। यह घटनाक्रम भी दिनभर की प्रमुख राजनीतिक गतिविधियों में शामिल रहा।