एजेंसी, नई दिल्ली/मुंबई। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर पूरे देश की राजनीति में हलचल मची है। इसके केंद्र में है कांग्रेस। दरअसल, दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक दूसरे के खिलाफ चुनाव मैदान में है।
इससे INDIA गठबंधन पर सवाल उठने लगे हैं। ताजा खबर महाराष्ट्र से है। यहां शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने कहा है कि बीएमसी (बृह्नमुंबई महानगरपालिका) सहित महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी।
बता दें, एक दिन पहले ही संजय राउत ने पार्टी मुखपत्र सामना में लिखा था कि जो दिल्ली में हो सकता है, वो मुंबई में भी हो सकता है।
हमारी पार्टी महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानीय निकायों के आगामी चुनाव अकेले लड़ेगी। INDIA गठबंधन और महा विकास अघाड़ी गठबंधन क्रमश: लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए था। गठबंधन में पार्टियों के कार्यकर्ताओं को अवसर नहीं मिलते हैं और इससे संगठनात्मक विकास में बाधा आती है। हम अपनी ताकत के दम पर मुंबई, ठाणे, नागपुर और अन्य नगर निगमों, जिला परिषदों और पंचायतों में चुनाव लड़ेंगे। - संजय राउत, नागपुर में
दिल्ली में आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। उम्मीद की जा रही थी कि आप और कांग्रेस मिलकर भाजपा को हराने की कोशिश करेंगे, लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा है।
उल्टा, आप और कांग्रेस आमने-सामने हैं। कांग्रेस के लिए हालात तब और मुश्किल हो गए, जब INDIA गठबंधन के अन्य दलों जैसे सपा और टीएमसी ने खुलकर आम आमदी पार्टी का समर्थन करने का एलान कर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने खिलाफ बयान दिए, तो आम आदमी पार्टी ने भी धमकी दी कि वह INDIA से कांग्रेस को बाहर करने के लिए अन्य दलों से बात करेगी। इस तरह दिल्ली चुनाव के बीच INDIA गठबंधन खतरे में पड़ गया है।