एजेंसी, नई दिल्ली। मार्च का महीना खत्म होने से पहले ही गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। ताजा खबर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से है। यहां तापमान 40 डिग्री पर पहुंच गया है। यह इस साल का सबसे गर्म दिन रहा।
उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में यही स्थिति है। होली के बाद पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर सुबह और रात की ठंड के रूप में देखने को मिली, लेकिन अब न्यूनतम तापमान भी बढ़ने लगा है।
यहां भी क्लिक करें - गर्मी की शुरुआत में राहत… सस्ते हुए आलू-प्याज, टमाटर भी आम आदमी की पहुंच में
इस बीच, मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में हीटवेव का अनुमान लगाया है। इस साल हीटवेव के दिनों की संख्या लगभग दोगुनी हो सकती है। आमतौर पर, इस क्षेत्र में एक मौसम में पांच से छह हीटवेव दिन दर्ज किए जाते हैं, लेकिन इस साल यह संख्या 10 से 12 दिन तक पहुंच सकती है।
आईएमडी वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय के अनुसार, हम सामान्य से थोड़ी ज्यादा हीटवेव स्थितियों की उम्मीद कर रहे हैं, खासकर पश्चिम और मध्य भारत में। आम तौर पर, उत्तर-पश्चिम भारत में लगभग 5 से 6 हीटवेव दिन देखे जाते हैं। इस साल, हम 10 से 12 दिनों की उम्मीद करते हैं, जो सामान्य से दोगुना है।
मध्य प्रदेश से खबर है कि ग्वालियर अंचल अब तपने लगा है। बुधवार को अंचल के आसमान से आग बरसने की शुरुआत हो गई। जो तापमान अप्रैल में 40 डिग्री तक पहुंचता है, वह मार्च में पहुंचने लगा है। आज अंचल का तापमान 39.9 डिग्री यानी 40 डिग्री के पास पहुंच गया। हालांकि मंगलवार को भी तापमान 38.6 डिग्री पर पहुंच गया था।
मौसम विज्ञान केंद्र की मानें ताे पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार को तापमान 40 डिग्री को पार कर सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तराखंड व हिमाचल में बारिश हो सकती है। इसके असर से 29 मार्च के बाद अंचल में तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडल स्तर पर एक ट्रफ के रूप में मौजूद है। आगामी दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश के आसार नहीं हैं।