_202471_135338_m.webp)
एजेंसी, नई दिल्ली (weather Alert)। देशभर में इन दिनों मानसूनी बारिश का दौर जारी है। इसके चलते महाराष्ट्र में इन दिनों भारी बारिश देखने को मिल रही है। इसी बीच महाराष्ट्र के रत्नागिरी से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक 8 फीट लंबा मगरमच्छ सड़क पर घूमता दिखाई दे रहा है।
बताया गया कि मगरमच्छ नदी से निकलकर सड़क पर आ गया था। जिसका मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
#महाराष्ट्र:#रत्नागिरी: #मगरमच्छ के सड़क पर घूमने का #वीडियो_वायरल
मगरमच्छ #शिव_नदी से आया, इलाके में #खौफ का माहौल है#maharashtra #Crocodile #ratnagiri #VideoViral @RatnagiriPolice @maha_tourism pic.twitter.com/l9zizsBqJK
— Goldy Srivastav (@GoldySrivastav) July 1, 2024
मानसून ने देश के अधिकांश हिस्से को कवर कर लिया है। इसके साथ ही भारी बारिश, जलभराव, नदियों में बाढ़, जनजीवन प्रभावित जैसी खबरें भी आना शुरू हो गई हैं। ताजा खबर यह है कि मौसम विभाग (IMD) ने देश के 15 राज्यों में आने वाले दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ये राज्य हैं - पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, दक्षिण गुजरात, दक्षिण तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, दक्षिण कर्नाटक, उत्तर तमिलनाडु, बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय।
धीरे-धीरे ही सही, लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे मध्य प्रदेश पर छा गया है। पिछले दिनों से छिटपुट बारिश हो रही है। भोपाल से मध्य प्रदेश मौसम विभाग ने बताया कि जबलपुर, टीकमगढ़, सागर, खजुराहो, राजगढ़ में अगले 48 घंटों में भारी बारिश की आशंका है।
वहीं, मंदसौर, खंडवा, हरदा, रीवा, मुरैना, रतलाम, उज्जैन, सतना, नरसिंहपुर, मंडला, अनूपपुर, उमरिया, देवास, इंदौर, नर्मदापुरम, बैतूल में भी तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। (पूरी वेदर रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

राजधानी दिल्ली में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने यहां बुधवार तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में रविवार को भी आंशिक बादल छाए रहे। हालांकि, बारिश नहीं होने के कारण उमस ने बेहाल कर दिया।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। गोरखपुर-देवरिया और संतकबीरनगर में आसमानी बिजली गिरने से 5 की मौत हो गई, जबकि 22 झुलस गए।
आने वाले दिनों में उत्तर भारत में बारिश बढ़ने की उम्मीद है। पूर्वी यूपी में मानसून ज्यादा आगे बढ़ चुका है और अगले 2-3 दिनों में पश्चिमी यूपी और हरियाणा भी कवर हो जाएगा। - सोमा सेन, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की वैज्ञानिक
मानसून के सक्रिय होने के कारण बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश जारी है। अगले दो दिनों तक वर्षा के आसार है। बक्सर में वज्रपात की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई।
उत्तराखंड के अधिकतर जिलों में रविवार को मौसम साफ रहा। नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में बारिश जरूर हुई। सोमवार को देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिह नगर में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसी तरह, हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में आंधी चलने, बिजली गिरने व भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।