नईदुनिया, ग्वालियर (Indore-Gwalior Vande Bharat Train): ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य भेंट कर ग्वालियर से महाकाल की नगरी उज्जैन वाया इंदौर के बीच वंदे भारत ट्रेन संचालित करने का अनुरोध पत्र सौंपा। चर्चा में रेल मंत्री जी ने वंदे भारत ट्रेन संचालित करने के लिए ट्रैफिक का सर्वे कराने का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही रेल मंत्री ने झांसी जंक्शन से करैरा, शिवपुरी, पोहरी और सवाई माधोपुर तक नई रेल लाइन पर सहमति दी। इस नई रेल लाइन के स्वीकृति होने से राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की जनता लाभान्वित होगी।
यहां भी क्लिक करें - महाकुंभ मेला प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेनें, देखें शेड्यूल
इस बीच, एमपी के सागर से खबर है कि प्रयागराज में आयोजित कुंभ के लिए सोगरिया से बनारस तक दोनों ओर से सात-सात ट्रिप के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी, जो सागर होकर गुजरेगी। गाड़ी संख्या 09801/09802 बनारस जाने के लिए यह गाड़ी सागर में शाम चार बजे आएगी। जबकि बनारस से आकर सोगरिया जाने के लिए सागर में यह गाड़ी सुबह 6:15 बजे आएगी।
09801 सोगरिया से बनारस (मंगलवार एवं शुक्रवार) को 17, 21, 24 जनवरी और 07, 14, 18, 21 फरवरी को चलेगी। सोगरिया से यह गाड़ी सुबह 08:15 बजे चलकर अगले दिन सुबह 10:15 बजे बनारस पहुंचेगी।
वहीं 09802 बनारस से सोगरिया (बुधवार एवं शनिवार) 18, 22, 25 जनवरी और 08, 15, 19, 22 फरवरी को दोपहर 14:45 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 15:45 बजे सोगरिया पहुंचेगी।
यह ट्रेन सोगरिया, अन्ता, बारां, अटरू, छबरा गुगोर, रुठियाई, गुना, अशोक नगर, मूंगावली, मालखेड़ी, खुरई, नरयावली, सागर, गिरवर, गणेशगंज, पथरिया, दमोह, रीठी, कटनी, झुकेही, मैहर, सतना, जैतवार, मझगवां, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, चुनार होते हुए बनारस तक चलेगी।
इन स्टेशनों पर इस गाड़ी का ठहराव अर्थात स्टापेज दिया गया है। कुल 22 कोच की इस स्पेशल ट्रेन में 5 स्लीपर, 4 थर्ड एसी, 7 थर्ड एसी इकोनामी, 2 सेकेंड एसी, 2 सामान्य श्रेणी, 1 एसएलआर और 1 जनरेटर कार रहेंगे।