यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Land For Job Scam: पटना में राबड़ी देवी के घर पहुंची सीबीआई, IRCTC घोटाले में कर रही पूछताछ
Land For Job Scam रेलवे में नौकरी के बदले रिश्वत में जमीन लेने के आरोप में लालू परिवार के सदस्यों सहित 15 लोगों की खिलाफ
By Sandeep ChoureyEdited By: Sandeep Chourey
Publish Date: Mon, 06 Mar 2023 11:33:35 AM (IST)Updated Date: Mon, 06 Mar 2023 11:42:45 AM (IST)

Land For Job Scam । लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले में लालू यादव परिवार की मुसीबत फिर बढ़ गई है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर सोमवार सुबह सीबीआई की टीम पूछताछ के लिए पहुंची है। जांच एजेंसी जमीन के बदले रेलवे में नौकरी दिलाने के मामले में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से पूछताछ कर रही है। इस मामले में कोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती सहित 14 आरोपियों को समन जारी किया है और 15 मार्च को कोर्ट में पेश होने का आदेश भी दिया है। आपको बता दें कि कोर्ट ने यह समन सभी आरोपियों के खिलाफ ऐसे समय में जारी किया है, जब लालू यादव हाल ही में सिंगापुर से अपनी किडनी ट्रांसप्लांट कराकर भारत लौटे हैं।
सीबीआई कर रही घोटाले की जांच
रेलवे में नौकरी के बदले रिश्वत में जमीन लेने के आरोप में लालू परिवार के सदस्यों सहित 15 लोगों की खिलाफ जांच कर रही है। सीबीआई इस मामले में चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है। लालू यादव के करीबी व पूर्व विधायक भोला यादव और हृदयानंद चौधरी भी इस मामले में अभियुक्त हैं।
जानें क्या हैं लैंड फॉर जॉब स्कैम
लैंड फॉर जॉब स्कैम करीब 14 साल पुराना है। तब लालू यादव साल 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री थे और उन्होंने मंत्री रहते हुए लोगों को रेलवे में नौकरी देने के बदले जमीन ली थी। लालू यादव 2004 से 2009 तक रेल मंत्री थे। CBI का कहना है कि पटना में लालू यादव के परिवार ने 1.05 लाख वर्ग फीट जमीन पर कब्जा कर रखा है। सीबीआई ने चार्जशीट में आरोप लगाया है कि जोनल रेलवे में सब्स्टीट्यूट की भर्ती का कोई विज्ञापन या पब्लिक नोटिस जारी नहीं किया गया था और रेलवे में गुपचुप भर्तियां की गई थी और जिन परिवारों ने अपनी जमीन दी, उनके सदस्यों को रेलवे में मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर में नियुक्ति दी गई। राबड़ी देवी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पत्नी हैं, जो आईआरसीटीसी घोटाले के मुख्य आरोपियों में से एक हैं।