
एजेंसी, नई दिल्ली (Sam Pitroda controversial statement)। उद्योगपति और गांधी परिवार के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने सैम पित्रोदा के विवादित बयान पर रिएक्शन दी है। वाड्रा ने समाचार एजेंसी ANI से चर्चा में कहा कि कोई पढ़ा-लिखा आदमी इस तरह की बकवास कैसे कर सकता है।
वाड्रा ने कहा, अगर कोई रिटायर होकर दुनिया के किसी कोने में बैठा है, तो उसके मन में भी चर्चा में बने रहने की इच्छा होती है। ऐसे में यदि वह शख्स जमीन हकीकत जाने बगैर सोफे पर बैठकर कुछ भी कहता है, तो यह बकवास है। मुझे बहुत खुशी है कि सैम पित्रोदा रिटायर हो गए हैं। उनका बयान बिल्कुल गलत है। मेरी राय में यही सही होगा कि ऐसे लोगों को समय से पहले रिटायर कर दो।
यह पूछे जाने पर कि क्या सैम पित्रोदा बीजेपी के इशारे पर टिप्पणी कर रहे हैं, रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, मैं ऐसा नहीं मानता हूं।
उन्होंने आगे कहा, जब आप गांधी परिवार से जुड़े होते हैं, तो बड़ी ताकत के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। आपको कोई भी कदम उठाने से पहले सोचना होगा। सैम पित्रोदा ने जो कहा है, उससे मैं बिल्कुल असहमत हूं। बकवास की बात है। बीजेपी को अनावश्यक मुद्दे उठाने का मौका मिल गया।'