
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Weather News Today: मौसम विभाग ने शुक्रवार को 20 से 21 मई तक केरल में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में अगले चार दिनों में भारी बरसात की संभावना है। आईएमडी ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक लू चलने की भविष्यवाणी की है। मध्यप्रदेश और बिहार में अगले चार दिनों तक लू चल सकती है।
मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में एक चक्रवाती परिसंचरण की जानकारी दी है, जो निचले क्षोभमंडल स्तर पर दक्षिण तमिलनाडु, मध्य क्षोभमंडल स्तर पर रायलसीमा और निकटवर्ती उत्तरी तमिलनाडु पर स्थित है। आईएमडी ने कहा, 'दक्षिण छत्तीसगढ़ से निचने क्षोभमंडल स्तर में कोमोरिन क्षेत्र तक एक ट्रफ रेखा चल रही है। जिसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप और दक्षिण कर्नाटक में गरज के साथ बारिश की संभावना है। वहीं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।'

आईएमडी ने तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना और रायलसीमा में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है।

मौसम विभाग ने 17-21 मई तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में और 17-19 मई तक केरल और माहे में बहुर भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 20-21 मई के लिए दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी ने 20-21 मई के लिए केरल के अलग-अलग इलाकों पर अत्यधिक भारी बरसात का रेड अलर्ट जारी किया है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मौसम एजेंसी ने अगले पांच दिनों में तमिलनाडु, केरल और दक्षिण कर्नाटक में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा, 'पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तर पश्चिम भारतको प्रभावित किया है। जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में छिटपुट वर्षा हुई है।'
वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि मई में कई प्रदेशों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। राजस्थान में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। पंजाब और हरियाणा में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब है।

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक व मध्यप्रदेश और बिहार में चार दिनों तक लू चलने की संभावना है। उसके बाद तापमान थोड़ा गिर सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में उत्त प्रदेश, गुजरात, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 20-21 मई को लू चल सकती है।