
धर्म डेस्क। ज्योतिष में शनि बहुत अद्भुत और महत्वपूर्ण ग्रह है। जिन लोगों के जीवन पर शनि का सीधा प्रभाव पड़ता है वह उनकी दशा से साफ पता चलता है। कहा जाता है कि शनि देने पर आ जाए तो रंक को राजा बना दे और दंड देने पर आए तो बरबाद करके रख दे। इसीलिए शनि को दंडाधिकारी का दर्जा प्राप्त है।
आपने शनि की साढ़े साती और ढैया के बारे में सुना होगा कि इस अवधि में अच्छे अच्छों की अकड़ निकल जाती है लेकिन इसके साथ ही एक अहम शब्द है शनि की महादशा। यह क्या होती है और इस अवधि में क्या होता है, इसके बारे में ज्योतिषाचार्य दीपक के पाराशर ने प्रकाश डाला है। आइये समझते हैं इसे विस्तार से।
शनि की महादशा मनुष्य को वह सब सिखा देती है, जिसे सीखने के लिए शायद पूरा जीवन भी कम पड़ जाए और केतु की महादशा वह सब छीनने लगती है, जिसे पाने के लिए मनुष्य जीवन भर भागता रहता है। एक मनुष्य को संसार की वास्तविकता दिखाता है तो दूसरा संसार के प्रति उसकी रुचि ही समाप्त करने लगता है।
शनि की महादशा में व्यक्ति को अपने और पराये का अंतर समझ आने लगता है। जिन लोगों के लिए उसने अपना समय,सामर्थ्य और जीवन लगा दिया, वही आवश्यकता पड़ने पर किनारा कर लेते हैं। जिन संबंधों को वह जीवन भर निभाने की जिम्मेदारी समझता रहा ,उन्हीं संबंधों में उसे अपनी उपयोगिता का एहसास होने लगता है।
शनि धीरे धीरे भ्रम तोड़ते हैं और व्यक्ति समझने लगता है कि संसार में हर संबंध के पीछे प्रेम ही नहीं होता अपितु कई बार आवश्यकता,स्वार्थ और सुविधा भी होती है। वह अपेक्षाएं करना छोड़ने लगता है,शिकायतें कम कर देता है और धीरे धीरे अकेले रहना सीख जाता है।
लेकिन अभी संसार से उसका मोह पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ होता अपितु कहीं न कहीं कुछ पाने की इच्छा,कुछ सिद्ध करने की चाह और अपने जीवन को बेहतर बनाने की उम्मीद बाकी रहती हैं।
यह भी पढ़ें- कहीं आपके बनते काम तो नहीं बिगड़ रहे? ये लक्षण बताते हैं शुरू हो चुकी है शनि की साढ़े साती, इन उपायों से पाएं मुक्ति
फिर केतु की महादशा आती है और जो कुछ शनि ने समझाया था, केतु उसका एक अलग ही अर्थ समझाने लगता है। अब व्यक्ति को उन चीजों को पाने की इच्छा भी नहीं होती,जिनके लिए कभी उसने अपना पूरा जीवन लगा दिया था। लोगों से मिलना,संबंध निभाना,अपनी निजी उपलब्धियां बताना,किसी से प्रशंसा पाना और किसी के जीवन में अपनी उपयोगिता सिद्ध करना धीरे धीरे अर्थहीन लगने लगता है। जिन बातों पर कभी क्रोध आता था अब उन पर प्रतिक्रिया देने की इच्छा भी नहीं होती।
सबसे विचित्र स्थिति तब होती है जब मनुष्य के पास संसार में सब कुछ होते हुए भी कुछ पाने की इच्छा शेष नहीं रहती। जिन लोगों को खोने का भय कभी रातों की नींद छीन लेता था अब उनके चले जाने की कल्पना भी विशेष विचलित नहीं करती। जिन सपनों के लिए कभी दिन रात मेहनत की थी वे पूरे हो जाएं तो भी कोई विशेष प्रसन्नता नहीं होती और अधूरे रह जाएं तो भी कोई बड़ा दुख नहीं होता।
यह कैसी विडंबना है कि जब तक पाने की इच्छा रहती है तब तक जीवन संघर्ष लगता है और जब इच्छा ही समाप्त होने लगती है तब उपलब्धियों का कोई विशेष अर्थ नहीं रह जाता।
यह भी पढ़ें- इन तीन राशि के लोगों को होगा आर्थिक फायदा, बैंक बैलेंस बढ़ेगा, केतु के गोचर से 18 महीने तक लाभ
.jpg)
शनि मनुष्य को संसार की कठोरता से परिचित कराते हैं और केतु संसार के प्रति उसकी आसक्ति पर प्रश्न खड़ा कर देते हैं। एक के बाद दूसरा अनुभव हो जाए तो व्यक्ति के पास शिकायत करने के लिए भी बहुत कुछ शेष नहीं रहता। न किसी से बहुत उम्मीद,न किसी से शिकायत,न किसी को कुछ साबित करने की इच्छा और न ही हर हाल में किसी को अपने साथ बनाए रखने की जिद।
यह भी पढ़ें- Shani Upay: कुंडली में शनि के कमजोर होने के ये हैं लक्षण, राहत के लिए करें ये उपाय
और शायद यही इस अनुभव का सबसे नकारात्मक पक्ष है कि मनुष्य सब कुछ समझने के बाद भी पहले जैसा नहीं रह पाता। वह हंसता है,बोलता है,जिम्मेदारियां निभाता है और संसार के बीच रहता भी है लेकिन भीतर से बहुत कुछ समाप्त हो चुका होता है।
शनि सिखा देते हैं कि संसार से क्या उम्मीद नहीं करनी चाहिए और केतु यह सिखाने लगता है कि संसार से अब कुछ चाहिए ही क्यों और दोनों महादशाओं से गुजरने के बाद मनुष्य के पास संसार तो रह जाता है लेकिन संसार को पहले की तरह चाहने वाला मन शायद नहीं रहता।
यह भी पढ़ें- दो राशियों पर शुरू होगी शनि की ढैया, 2027 में परीक्षा की घड़ी, कब तक दिखेगा असर