
धर्म डेस्क। देवउठनी एकादशी के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है। इसी बीच आगामी वर्ष 2027 में विवाह की योजना बना रहे परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। ज्योतिष गणना के अनुसार,वर्ष 2026 की तुलना में 2027 में विवाह के शुभ मुहूर्त लगभग दोगुने रहेंगे। पूरे वर्ष में कैलेंडर में कुल 104 विवाह मुहूर्त बताए गए हैं, परंतु पंचांगों में मुहूर्त शोध के पश्चात 92 शुद्ध मुहूर्त प्राप्त हो रहे हैं, जबकि शेष 12 मुहूर्त विशेष पूजा-दान आदि के माध्यम से शुद्ध किए जा सकेंगे। वहीं इस साल 14 दिसंबर तक ही शहनाइयां गूंजेंगी।
ज्योतिषाचार्य एवं पंचांगकर्ता पंडित विनोद गौतम ने बताया कि काशी के पंचांग के अनुसार वर्ष 2027 में विवाह मुहूर्तों की शुरुआत 18 जनवरी से होकर 14 दिसंबर तक चलेगी। पूरे साल में मई और जून माह वैवाहिक आयोजनों के लिए सर्वाधिक अनुकूल रहेंगे, क्योंकि इन दो महीनों में सबसे अधिक मुहूर्त हैं।
माह तिथियां
जनवरी- 18, 19, 24, 25, 26, 29, 31
फरवरी- 2, 10, 14, 16, 22, 23, 27, 28
मार्च- 1, 2, 3, 14, 15
अप्रैल- 19, 20, 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27
मई - 2, 3, 7, 8, 9, 13, 14, 15, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 22, 23, 24, 25, 29, 31
जून- 1, 5, 6, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 22, 26, 27
जुलाई- 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13
नवंबर- 20, 21, 22, 23, 24, 25, 29, 30
दिसंबर- 1, 2, 7, 8, 9, 12, 13, 14
पं. गौतम के अनुसार 15 मार्च से मीन की संक्रांति लगने के कारण संक्रांति दोष से विवाह मुहूर्त नहीं रहेंगे। इसके बाद अप्रैल से 13 जुलाई तक पुनः शहनाइयां गूंजेंगी। 14 जुलाई को चातुर्मास एवं देवशयन प्रारंभ होने से चार माह तक वैवाहिक तिथियों पर विराम रहेगा।
दस नवंबर को देवप्रबोधिनी एकादशी पर भगवान जागृत होंगे, लेकिन वैवाहिक नक्षत्र एवं लग्न न होने से विवाह 20 नवंबर से शुरू होकर 14 दिसंबर तक चलेंगे।इसके बाद धनु राशि पर सूर्य के प्रवेश से धनु दोष लगने के कारण वर्ष के शेष दिनों में विवाह नहीं हो सकेंगे।
यह भी पढ़ें- Vivah Muhurat 2026: नवंबर और दिसंबर 2026 के लिए विवाह के शुभ मुहूर्त और तारीखें
पं. गौतम ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2027 में सिंहस्थ गुरु का प्रभाव विवाह मुहूर्तों पर नहीं पड़ेगा। गुरु के अंश उस सीमा तक नहीं पहुंच रहे हैं, जहां विवाह निषेध माना जाता है। इसलिए नासिक कुंभ के दौरान भी वैवाहिक आयोजन यथावत संपन्न हो सकेंगे।

देवउठनी ग्यारस के साथ शुरू हुआ वैवाहिक सीजन 14 दिसंबर तक ही जारी रहेगा। गुफा मंदिर के ज्योतिषाचार्य पंडित लेखराज शर्मा ने बताया कि 15 दिसंबर से सूर्य धनु राशि में प्रवेश करेंगे और एक माह तक इसी राशि में रहेंगे। धनु संक्रांति (खरमास) लगने के कारण 15 दिसंबर से विवाह, गृह प्रवेश और मुंडन जैसे सभी मांगलिक कार्यों पर पूर्ण विराम लग जाएगा। इसके पश्चात मकर संक्रांति के बाद सूर्य के उत्तरायण होने पर आगामी वर्ष में पुनः शुभ मुहूर्तों की शुरुआत होगी।