
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश के ब्रजेश द्विवेदी ने रेडिएंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट लीग में मुंबई मेवरिक्स की कप्तानी करते हुए टीम को तीसरे स्थान तक पहुंचाया। आगरा में संपन्न हुई इस लीग में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशी खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया। शुरुआती दो मुकाबलों में हार के बाद उनकी कप्तानी में मुंबई मेवरिक्स ने लगातार तीन मैच जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
ब्रजेश ने पांच मैचों में 116 रन बनाए और चार विकेट हासिल किए। ब्रजेश भारतीय दिव्यांग टेस्ट क्रिकेट टीम के पहले कप्तान रह चुके हैं। इस लीग में मध्य प्रदेश के सात खिलाड़ियों ने अलग-अलग टीमों से खेलते हुए अपनी प्रतिभा दिखाई। सतना के संजय साकेत ने राजस्थान रेंजर्स की ओर से कुल 133 रन बनाए और तीन विकेट हासिल किए।
ग्वालियर के श्याम चकवा ने 55 रन बनाने के साथ दो विकेट लिए, जबकि उज्जैन के माखन सिंह राजपूत ने तीन विकेट हासिल किए। भोपाल के मुकम्मिल ने 22 रन बनाए और एक विकेट लिया। सतना के दिनेश रामदीन सिंह और लक्की कराडिया ने भी लीग में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। ब्रजेश द्विवेदी ने अपने संस्थान आईआईटी इंदौर से मिले सहयोग को भी अपने क्रिकेट सफर में महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने बताया कि मुंबई मेवरिक्स की सफलता और लीग में मध्य प्रदेश के सात खिलाड़ियों की भागीदारी प्रदेश में दिव्यांग क्रिकेट को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिली है।
दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन मध्य प्रदेश के अध्यक्ष मोहन द्विवेदी ने ब्रजेश द्विवेदी की कप्तानी में मुंबई मेवरिक्स के तीसरा स्थान हासिल करने और मध्य प्रदेश के सात खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा इस तरह के प्रदर्शन की सराहना की। साथ ही, खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए डीसीसीबीआई के महासचिव हारून रशीद व आईआईटी इंदौर का आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें- सतना के तीन दिव्यांग क्रिकेटरों का रेडिएंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट लीग में चयन, 22 राज्यों के खिलाड़ी लेंगे भाग