विश्व कप 2027 में रोहित-कोहली की जगह पक्की, अजीत अगरकर के बाद टीम प्रबंधन का विश्वास कायम
रोहित शर्मा और विराट कोहली इसके लिए अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। विश्वकप 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक खेला जाएगा।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 11:43:30 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 11:43:30 AM (IST)
विश्व कप 2027 खेलेंगे रोहित-विराट,HighLights
- विश्व कप 2027 खेलेंगे रोहित-विराट
- टीम प्रबंधन का पॉजिटिव रुख बरकार
- न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में फ्लॉप रहे दोनों
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुई पांच मैचों की वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए लेकिन इसके बावजूद भारतीय क्रिकेट के हुक्मरानों का दोनों पर विश्वास कामय है।
ऐसे में रो-को अगर खेलना चाहते हैं तो अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप में जरूर खेलते हुए दिखाई देंगे। रोहित शर्मा और विराट कोहली इसके लिए अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। विश्वकप 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक खेला जाएगा।
कीवी सीरीज में फ्लॉप रहे दोनों
हाल ही में न्यूजीलैंड के साथ समाप्त हुई पांच मैचों की सीरीज में दोनों बल्लेबाज बुरी तरह से फ्लॉप रहे थे। रोहित सिर्फ 30 और विराट कोहली 86 रन बना पाए थे। इस सीरीज में रोहित दो बार शून्य पर आउट हुए थे। हालांकि, विराट ने सीरीज में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाए थे लेकिन ये रन उनके कद के हिसाब से शोभा नहीं देते।
इस सीरीज के बाद एक बार फिर से दोनों के प्रदर्शन को लेकर सवाल खड़े हो गए लेकिन एक सीरीज खराब होने के बाद भारतीय क्रिकेट के हुक्मरानों का उन पर विश्वास कायम है। दैनिक जागरण से हुई बातचीत में एक पदाधिकारी ने कहा कि हमें दक्षिण अफ्रीका में रोहित और विराट की जरूरत होगी। उनके बिना हम वहां नहीं जीत पाएंगे।
दक्षिण अफ्रीका की पिचों पर हमें दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के अनुभव की जरूरत होगी। न्यूजीलैंड के विरुद्ध खत्म हुई सीरीज से पहले एक पदाधिकारी ने कहा था कि रोहित के प्रदर्शन को देखा जाएगा। अगर वह अच्छा करेंगे तो आगे जाएंगे। अगर एक-आध शतक मार देते हैं तो उन्हें कौन रोक पाएगा।
हालांकि, अब यह स्टैंड बदल गया है। न्यूजीलैंड सीरीज में रोहित अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए लेकिन भारतीय क्रिकेट को चलाने वाले एक बड़े पदाधिकारी का पूर्व भारतीय कप्तान को लेकर सकारात्मक रुख बरकरार है। उन्होंने कहा कि ये दोनों लीजेंड हैं। उन्हें कब तक क्रिकेट खेलना है, ये वे तय करेंगे। जहां तक भारतीय टीम के विश्व कप अभियान की बात है तो मुझे लगता है कि 2027 में हमें उनकी जरूरत होगी।
अफ्रीका की कठिन पिचों पर काम आएगा अनुभव
वह दक्षिण अफ्रीका की कठिन पिचों में काफी महत्वपूर्ण साबित होंगे। यही नहीं उपकप्तान श्रेयस अय्यर के अनुभव की भी उन्होंने जरूरत बताई। वहीं अगर टीम प्रबंधन की बात करें तो वह भी अजीत अगरकर के साथ हुए सुलूक के बाद इस मामले में हाथ नहीं जलाना चाहता।