
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले आखिरी वनडे में मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी कर टीम को 22 रनों से जीत दिला दी। यह मुकाबला रविवार को माउंट माउंगनुई के बे ओवल मैदान पर खेला गया। इसी के साथ भारत ने टी-20 सीरीज के बाद वनडे सीरीज को 3-1 से जीत लिया।
वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। चौथे मैच में भारत को 244 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में भारतीय टीम 89 रनों पर ढेर हो गई थी। सीरीज का पांचवां और आखिरी वनडे इसी मैदान पर खेला गया लेकिन इस बार टीम इंडिया ने बाजी मार ली।
बता दे कि, इस लो स्कोरिंग मैच में तेज गेंदबाजों का बोलबाला देखने को मिला। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत को 42.1 ओवरों में 209 रनों पर ढेर कर दिया। एक समय कीवी टीम की जीत तयलग रही थी लेकिन भारतीय गेंदबाजों मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह के सामने कीवी टीम की बल्लेबाजी चरमरा गई।
187 पर ढेर हुई न्यूजीलैंड
210 रनों का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की पूरी टीम 48.1 ओवरों में 187 रनों पर ढेर हो गई। कीवी की ओर से सबसे ज्यादा रन डीन फॉक्सक्रॉप्ट (31) , निक केली (24) और कप्तान मिचेल सैंटनर (24) ने बनाए। इसके अलावा कोई बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सका।
भारत की ओर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने 3, सिराज और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा आकिब नबी, नमन धीर और यश ठाकुर के खाते में एक-एक विकेट आया। हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल ने बल्लेबाजी में भी शानदार हाथ दिखाया।
यह भी पढ़ें- Cricket: सूर्यकुमार यादव का मैदान में आया तूफान, 285 के स्ट्राइक रेट से ठोक दी ताबड़तोड़ फिफ्टी
खराब हुई भारत की शुरुआत
टॉस हारने के बाद खेलने उतरी भारतीय टीम की एक बार फिर से शुरुआत बेहद खराब हुई। ओपनर रोहित शर्मा (7) और ऋतुराज गायकवाड़ (18) रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर खेलने आए विराट कोहली भी 5 रन बनाकर चलते बने। कप्तान श्रेयस अय्यर (22) को शुरुआत को मिली लेकिन वह पारी को आगे नहीं बढ़ा सके।
भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन अक्षर पटेल (46) और ईशान किशन (46) ने बनाए। आखिरी जोड़ी के रूप में अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज ने संघर्ष कर पारी को 200 के पार कराया। कीवी टीम की ओर से कप्तान मिचेल सेंटनर और जैकब डफी ने 3-3 विकेट अपने नाम किए।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: विराट कोहली ने 11 साल बाद बनाया बेहद खराब रिकॉर्ड, रोहित शर्मा का भी शर्मनाक प्रदर्शन