IND vs WI: अभिषेक शर्मा का छक्कों का विश्व रिकॉर्ड, अर्शदीप और नमन का प्रहार, इंदौर टी-20 जीतकर भारत सीरीज में 2-1 से आगे
भारत ने इंदौर मुकाबले को 14 रनों से जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है।
Publish Date: Mon, 12 Oct 2026 01:34:20 AM (IST)Updated Date: Mon, 12 Oct 2026 01:35:14 AM (IST)
भारत ने 14 रनों से जीता तीसरा टी-20 मैच, फाइल फोटोHighLights
- भारत ने जीता तीसरा टी-20 मैच
- सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त
- अभिषेक शर्मा ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में तीसरा टी-20 मुकाबला खेला गया। भारत ने इस मुकाबले को 14 रनों से जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। इस मैच में भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा (69) ने एक बार फिर तूफानी पारी खेली।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 223 रन बनाए। इस मुकाबले में भारतीय ओपनर संजू सैमसन 6 गेंदों में 3 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 37 रन बनाए। हालांकि, वह भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
अभिषेक शर्मा ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
दूसरे छोर पर खड़े ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मात्र 30 गेंदों में 69 रनों की पारी खेली। इस पारी में उनके बल्ले से 6 चौके और 5 शानदार छक्के निकले। इसी के साथ अभिषेक ने एक विश्व रिकॉर्ड बनाया। एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
साल 2026 में अभिषेक शर्मा के बल्ले से निकले छक्कों की कुल संख्या 68 हो गई। इससे पहले साल 2022 में सूर्या के बल्ले से 68 छक्के निकले थे। हालांकि, अभी भारत को इस साल कुछ और टी-20 मुकाबले खेलने हैं। ऐसे में अभिषेक सूर्या के इस रिकॉर्ड को जल्दी तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
भारत ने बनाए 223 रन
इसके बाद खेलने आए भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर एक रन बनाकर चलते बने। इसके अलावा मध्यक्रम में तिलक वर्मा 28, नीतीश कुमार रेड्डी 21 और अक्षर पटेल ने 20 रनों का योगदान दिया। भारत ने सभी विकेट खोते हुए 20 ओवर में 223 रनों का लक्ष्य खड़ा किया।
खराब रही वेस्टइंडीज की शुरुआत
रांची टी-20 में 250 से ज्यादा का स्कोर पीछा करते हुए जीत हासिल करने वाली वेस्टइंडीज टीम के लिए यह लक्ष्य आसान दिखाई दे रहा था। 224 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान शे होप 5 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने।
इसके बाद कमिल पूरन (42) और शिमरन हेटमायर (43) ने शानदार पारियां खेली। चौथे नंबर पर खेलने उतरे रोवमैन पॉवेल (5) रन बनाकर आउट हो गए। मध्यक्रम में रदरफोर्ड (32) और सैम्पसन (21) ने जरूर क्रीज पर डटने की कोशिश की लेकिन वह कैरेबियाई टीम को जीत नहीं दिला सके।
अर्शदीप सिंह ने झटके 3 विकेट
अंतिम ओवरों में स्प्रिंगर ने जरूर 11 गेंदों में (35) रनों की पारी खेली लेकिन उनका यह प्रयास टीम को हारने से नहीं बचा सका। वेस्टइंडीज 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर कुल 209 रन ही बना सकी।
भारत ने इस मैच को 14 रनों से अपने नाम किया। भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (3) ने झटके। इसके अलावा नमनधीर (2), अक्षर पटेल और नीतिश कुमार रेड्डी के खाते में एक-एक विकेट आया।