
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के महान बल्लेबाज और 'गॉड ऑफ क्रिकेट' कहे जाने सचिन तेंदुलकर के खास बल्लों को क्रिकेट फैंस करीब से देख सकेंगे। दिग्गज खिलाड़ी अपने शानदार करियर के 26 बल्लों को मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) के शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय को भेंट करेंगे।
इन बल्लों में वे बल्ले भी शामिल हैं, जिनसे सचिन तेंदुलकर के 100 इंटरनेशनल शतकों में से कई यादगार शतक जुड़े हैं। म्यूजियम में सचिन तेंदुलकर के बल्लों को अब करीब से देखा जा सकेगा। बल्लों के अलावा सचिन अपने हेलमेट, जर्सी और करियर के शानदार निजी नोट्स समेत कई यादगार चीजें म्यूजियम में भेंट करेंगे।
16 नवंबर को होगा समारोह
महान खिलाड़ी की इन धरोहरों की प्रदर्शनी का अनावरण 16 नवंबर को एक विशेष समारोह में किया जाएगा। इसके बाद म्यूजियम में इन धरोहरों को आसानी से देखा जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: भारत के खिलाफ सीरीज हार से डरी न्यूजीलैंड, आखिरी मैचों के लिए दो गेंदबाजों को किया शामिल
साल 2013 में कहा था अलविदा
गौरतलब है कि, सचिन तेंदुलकर ने अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर को साल 2013 में अलविदा कहा था। प्रदर्शनी का अनावरण तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की 13वीं वर्षगांठ के अवसर पर होगा।
उन्होंने 16 नवंबर 2013 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर करियर का 200वां और आखिरी टेस्ट मैच खेला था। इसके बाद वह हमेशा के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो गए थे।
यह भी पढ़ें- ICC Rankings: अर्शदीप, अक्षर और गुरनूर को मिला वनडे रैंकिंग्स में फायदा, रहमत शाह ने रचा इतिहास