भारत और वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले पर गहराया संकट !, गोमती नदी के जलस्तर से बाढ़ जैसे हालात, स्टेडियम के आसपास घुटने तक पानी
गोमती नदी में बढ़े जलस्तर के बाद स्टेडियम के आसपास कई स्थानों पर घुटने तक पानी भर गया है।
Publish Date: Tue, 06 Oct 2026 12:10:34 PM (IST)Updated Date: Tue, 06 Oct 2026 12:20:41 PM (IST)
टी-20 मुकाबले से पहले जलस्तर ने बढ़ाई चिंता, नईदुनियाHighLights
- टी-20 मुकाबले से पहले जलस्तर ने बढ़ाई चिंता
- स्टेडियम के आसपास घुटने तक भरा हुआ पानी
- भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा मैच
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबले से पहले सोमवार को इकाना स्टेडियम के आसपास की यातायात व्यवस्था की परीक्षा ले ली गई। गोमती नदी में बढ़े जलस्तर के बाद स्टेडियम के आसपास कई स्थानों पर घुटने तक पानी भर गया है।
जलभराव इतना अधिक है कि पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी आवाजाही में मुश्किल हो रही है। स्टेडियम के गेट नंबर दो के सामने अंडरपास में पानी भरने के कारण वाहनों का आवागमन रोकना पड़ा। इससे आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया।
जलस्तर ने बढ़ाई प्रशासन की चिंता
आलम यह रहा कि पांच मिनट की दूरी तय करने में गाड़ियों को 40-45 मिनट लगे। ऐसे में मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना के बीच स्टेडियम के आसपास जलभराव ने आयोजकों और जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
कई जगह सड़क और फुटपाथ का अंतर तक दिखाई नहीं दे रहा था। घुटने तक पानी होने के कारण दो पहिया ही नहीं, चार पहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। बैरिकेडिंग कर वाहनों को अंडरपास की ओर जाने से रोका गया और वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया।
दर्शकों को होगी समस्या
इससे आसपास के रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। पुलिसकर्मी जलभराव वाले स्थानों पर तैनात रहे और वाहन चालकों को सुरक्षित रास्ते से निकालने का प्रयास करते रहे। यदि जलभराव मंगलवार को भी बना रहा तो दर्शकों को स्टेडियम तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग सकता है।
प्रशासन और यातायात पुलिस के लिए भी भीड़ को व्यवस्थित तरीके से स्टेडियम तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होगा।