_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। पंजाब के बठिंडा में 24 से 28 नवंबर तक होने वाली 44वीं जूनियर नेशनल साफ्टबाल चैंपियनशिप के लिए छत्तीसगढ़ के 40 खिलाड़ियों को शार्टलिस्ट किया गया है।
इनमें बालक और बालिका वर्ग के 20-20 खिलाड़ी शामिल हैं। प्रदेश साफ्टबाल स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने 17 और 18 अक्टूबर को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साफ्टबाल मैदान में चयन ट्रायल आयोजित किया था।
ट्रायल में रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा, मुंगेली, बीजापुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, दंतेवाड़ा, कबीरधाम, बिलासपुर, जशपुर, सारंगढ़ और महासमुंद सहित 14 जिलों के 170 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
यह भी पढ़ें- भारतीय टीम के बाद मोहम्मद शमी को बंगाल की प्लेइंग इलेवन में भी नहीं मिली जगह, छोटा भाई बना टीम का हिस्सा
खिलाड़ियों का किया गया परीक्षण
चयन के लिए खिलाड़ियों की गति, ताकत, क्षमता और खेल कौशल का परीक्षण किया गया। अंतरराष्ट्रीय कोच अमित वरु सहित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मानस केसरवानी, मोहित ठाकुर, सोनाली साव, बरखा रानी यादव और गंगा सोना ने खिलाड़ियों का आकलन किया।
पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। चयन प्रक्रिया के अगले चरण में नवंबर के दूसरे सप्ताह में रायपुर में ट्रायल होगा।
इसमें पिछले वर्ष स्कूल नेशनल या ओपन नेशनल में खेलने वाले वे खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकेंगे, जो पहले ट्रायल में शामिल नहीं हो पाए थे। इसके बाद प्रशिक्षण शिविर लगेगा और अंतिम टीम घोषित की जाएगी।