एशिया में परचम लहराकर ग्वालियर लौटीं इशिका, एयरपोर्ट से लेकर घर तक हुआ भव्य स्वागत, कहा- यह पूरे देश का है स्वर्ण पदक
44 साल बाद भारतीय महिला हॉकी को एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक दिलाने वाली ग्वालियर की बेटी इशिका रविवार को जब अपने शहर लौटीं, तो पूरा ग्वालियर उनके स्वा...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 05 Oct 2026 01:31:42 PM (IST)Updated Date: Mon, 05 Oct 2026 01:31:42 PM (IST)
स्वर्ण पदक जीतकर ग्वालियर लौटीं इशिका, नईदुनियाHighLights
- स्वर्ण पदक जीतकर ग्वालियर लौटीं इशिका
- 44 साल के लंबे इंतजार को किया समाप्त
- कहा- ग्वालियर और पूरे भारत का है पदक
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। 44 साल बाद भारतीय महिला हॉकी को एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक दिलाने वाली ग्वालियर की बेटी इशिका रविवार को जब अपने शहर लौटीं, तो पूरा ग्वालियर उनके स्वागत में उमड़ पड़ा।
एशियाड के रोमांचक फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर न सिर्फ स्वर्ण पदक पर कब्जा किया, बल्कि 44 साल के लंबे इंतजार को भी खत्म कर दिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही टीम ने आगामी ओलंपिक के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया है।
चीन के सामने बनी 'चीन की दीवार'
टीम की जीत में ग्वालियर की इशिका चीन की टीम के सामने 'चीन की दीवार' बनकर डटी रहीं। रविवार दोपहर चार बजे जैसे ही इशिका ग्वालियर एयरपोर्ट पर पहुंचीं, वहां पहले से मौजूद उनके परिजन में पिता राजीव चौधरी व मां गायत्री चौधरी, ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी और कई खेल संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
एयरपोर्ट पर फूल-मालाओं से लादकर उन्हें बधाई दी गई। एयरपोर्ट से इशिका कंपू स्थित मप्र राज्य महिला हॉकी अकादमी पहुंचीं।
वहां पर जिला खेल अधिकारी अरविंद सिंह राणा, अकादमी प्रभारी प्रशासक हितेंद्र सिंह पाल, अकादमी कोच वंदना उईके, इशिका के प्राथमिक कोच अविनाश भटनागर, देवकीनंदन कुशवाहा, मोती कुशवाहा, इमरान खान सहित कई पदाधिकारियों ने स्वागत कर उनकी उपलब्धि के लिए केक काटकर जश्न मनाया।
पूरे देश का है पदक- इशिका चौधरी
यहां इशिका ने उपस्थित अकादमी खिलाड़ियों से चर्चा कर उनको मेहनत, लगन और ईमानदारी से खेलने की सीख दी। इसके बाद इशिका न्यू गोविंदपुरी अपनी मौसी के घर पहुंचीं वहां पर अन्य रिश्तेदारों व कॉलोनी वासियों ने घर के बाहर फूल बिछाकर और गुलदस्ते देकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
पूरे मोहल्ले में जश्न का माहौल रहा। इस दौरान इशिका ने सभी का आभार जताया और कहा कि यह पदक पूरे देश और ग्वालियर का है।