
कपीश दुबे, नईदुनिया, इंदौर। घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं, दूर से रिश्तेदार आने लगे हैं, काम इतने हैं कि खत्म होने का नाम नहीं ले रहे... मगर जिसकी शादी है वह अभ्यास में जुटी है क्योंकि देश की भी जिम्मेदारी उसपर है। हाथों में मेंहदी लगना है, लेकिन यह बिटिया हाथों में क्यू थामकर स्नूकर की टेबल पर निशाने लगा रही है।
शहर में आयोजित हो रही विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में दुनिया के 30 से ज्यादा देश हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय टीम में इंदौर की बेटी इशिका शाह भी शामिल हैं। इशिका का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के चलते हुआ है। पिछले महीने ही इशिका ने अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ स्नूकर चैपियनशिप में भारत के लिए कांस्य पदक जीता है। मगर अबकी बार दोहरी चुनौती है। इसी माह इशिका की शादी भी है।
इशिका ने बताया मुझे 15 नवंबर को मेंहदी लगेगी और 16 नवंबर को रिसेप्शन है। इसके अगले ही दिन से मैं वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लूंगी। वे बताती हैं, मैं सुबह अभ्यास के लिए जाती हूं। फिर दिन में शादी की तैयारियां और खरीदारी करती हूं। शाम को घर लौटने के बाद फिर अभ्यास करती हूं। इसके बाद मैं और मेरे मंगेतर दिव्येश कोठारी मिलकर महिला संगीत के लिए डांस की प्रेक्टिस करने जाते हैं।
यह पूछने पर कि मेहमान आपके घर आ रहे हैं और आप अभ्यास करने चली जाती हैं तो किसी को बुरा नहीं लगता? इस पर इशिका बताती हैं, मेरी मम्मी प्रीति शाह और पापा हेतल शाह का शुरू से मुझे समर्थन रहा है। मेरे पापा ने स्नूकर में आगे बढ़ने का मेरा सपना पूरा करने के लिए बहुत त्याग किया है।
वे चाहते हैं कि मैं विश्व चैंपियनशिप में देश के लिए पदक जीतू। परिवार के सहयोग से ही मैं अभ्यास के लिए समय निकाल पा रही हूं। स्पर्धा इंदौर में हो रही है और अपने ‘मायके’ में देश के लिए पदक जीतने से बढ़कर शादी का उपहार कोई और नहीं हो सकता।
इशिका 12 साल से क्यू स्पोट्र्स में हैं। वे 19 बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वहीं चार बार राष्ट्रीय चैंपियन भी बनी हैं जबकि 13 बार राज्य चैंपियन होने का तमगा भी हासिल किया है। स्नूकर के अलावा वे दो बार राष्ट्रीय बिलियड्र्स चैंपियन भी बनी हैं। इसी चमकीले प्रदर्शन के चलते मध्य प्रदेश सरकार ने उन्हें एकलव्य पुरस्कार से सम्मानित किया है।
भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (बीएसएफआई) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर यशवंत क्लब में आयोजित आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप का औपचारिक शुभारंभ गुरुवार को हुआ। इस दौरान आईबीएसएफ के उपाध्यक्ष जीम लेसी, विक्टोरिया, इशोन सिंग, बीएसएफआई महासचिव सुनील बजाज, उपाध्यक्ष अश्विनी पुराणिक, मप्र संघ के अध्यक्ष भोलू मेहता, यशवंत क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र जैन, सचिव विजय कस्तूरी, राष्ट्रीय कोच अशोक शांडिल्य और चीफ रैफरी प्रकाश मल्होत्रा उपस्थित थे।
मुकाबले शुक्रवार से प्रारंभ होंगे। चैंपियनशिप के मुख्य दौर का शुभारंभ 16 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आतिथ्य में होगा। भारत में यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप तीसरी बार आयोजित की जा रही है। इससे पूर्व वर्ष 1964 में कोलकाता में सीनियर वर्ग की स्पर्धा हुई थी जबकि 2014 में बेंगलुरु में जूनियर स्पर्धा खेली गई थी।
क्वालिफाइंग फेज 13 से 16 नवंबर तक होगा, जिसमें 48 खिलाड़ी भाग लेंगे। मुख्य दौर 17 से 21 नवंबर तक होगा, जिसमें 48 खिलाड़ी होंगे। 24 खिलाड़ी क्वालिफाइंग राउंड से आएंगे। सितारा खिलाड़ी पंकज आडवाणी स्पर्धा के मुख्य दौर में हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें- दुनिया को स्नूकर सिखाने वाले मध्य प्रदेश में 100 साल में पहली बार वर्ल्ड चैंपियनशिप
इंदौर में आयोजित हो रही स्पर्धा में अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, बांग्लादेश, चीन, मिस्र, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी, हांगकांग, चीन, आयरलैंड, इरान, इराक, भारत, कुवैत, नेपाल, ओमान, फिलीपींस, पोलैंड, कतर, सऊदी अरब, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, सिंगापुर, सीरिया, स्वीडन, अमेरिका, वेल्स, पाकिस्तान, मलेशिया, थाईलैंड आदि देशों ने प्रस्ताव दिया है। मैचों का संचालन 25 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रेफरी करेंगे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 1875 में ब्रिटिश सेना के अधिकारी ने किया था स्नूकर का आविष्कार, ऐसे पड़ा नाम