
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सरहदों, भाषाओं, संस्कृतियों में बंटी दुनिया स्नूकर की अलग-अलग रंगों की गेंदों की तरह इंदौर में एक टेबल पर सिमट आई। कहीं देशों के बीच राजनीतिक मतभेद हैं तो कहीं सीमाओं पर युद्ध के बादल गरज रहे हैं, लेकिन मालवा की गुलाबी ठंड में सभी दूरियां नदारद दिखीं। यशवंत क्लब में वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप के मुख्य दौर का श्रीगणेश मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शाट खेलकर किया।
मुकाबलों की शुरुआत मंगलवार से होगी। मुख्यमंत्री लगे हाथ तीन दिन बाद भोपाल में आयोजित नौवीं महिला एशियन चैंपियंस ट्राफी हाकी टूर्नामेंट का न्यौता भी दे गए। भारतीय बिलियर्ड्स और स्नूकर संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी इंदौर को मिली है। मध्य प्रदेश में ही इस खेल का जन्म हुआ था। युद्ध में घिरे ईरान के खिलाड़ियों को भी यहां मुस्कुराते हुए देख यकीन हो जाता है कि खेल सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, दुनिया को जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसी भी संस्था के लिए 100 वर्ष का सफर पूरा करना गौरवशाली क्षण होता है। वर्ष 1926 में भारतीय बिलियर्ड्स-स्नूकर महासंघ की स्थापना हुई थी और इसी गौरवशाली क्षण को साझा करने के लिए हम सब यहां एकत्रित हैं। मां अहिल्या की नगरी अपनी मेहमाननवाजी के लिए ख्यात है।
इस टूर्नामेंट में ईरान से लेकर कई देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, उन सभी का प्रदेश सरकार की ओर से स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार भी पीछे नहीं रहने वाली है। हम तीन दिन में दो बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन करवा रहे हैं।
पहला इंदौर में शुरू हो गया है तो दूसरा महिला एशियन चैंपियंस ट्राफी हाकी का आयोजन 19 नवंबर से भोपाल में प्रारंभ हो रहा है। पहले ओलिंपिक में टीम जाती थी तो हाकी में पदक आ गया तो ठीक है, लेकिन अब विभिन्न खेलों में हमारे खिलाड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं। नई शिक्षा नीति के बाद तो खेल को विषय के रूप में जोड़ा गया है, ताकि खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उचित अवसर उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से ही मजाकिया अंदाज में कहा- राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच मुझे तीन साल बाद पता चला कि जिस संस्था में खड़ा हूं, वहां का पदेन चेयरमैन मैं ही हूं। दरअसल, यशवंत क्लब में मुख्यमंत्री पदेन चेयरमैन होते हैं। उन्होंने कहा- मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स-स्नूकर संघ को इस खेल को बढ़ावा देने के लिए जमीन की जरूरत है तो सरकार एकेडमी स्थापित करने के लिए कहीं भी जमीन उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (बीएसएफआई) के शताब्दी वर्ष की स्मारिका का विमोचन किया। कार्यक्रम के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, बीएसएफआई के महासचिव सुनील बजाज, मप्र संघ के अध्यक्ष भोलू मेहता, यशवंत क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र जैन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गीत सेठी और पंकज आडवाणी आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 1875 में ब्रिटिश सेना के अधिकारी ने किया था स्नूकर का आविष्कार, ऐसे पड़ा नाम