ब्यूरो, प्रयागराज। कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। रेलवे ने कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते इस बार खास इंतजाम किए हैं। उत्तर मध्य रेलवे ने सावन में शिव भक्त कांवरियों और रेल यात्रियों के लिए विशेष पहल शुरू की है। 'हेल्दी डाइटिंग, स्वस्थ रेलवे' पायलट प्रोजेक्ट के तहत रेलवे स्टेशनों पर फ्रूट एंड जूस बार स्थापित किए जा रहे हैं, जहां ताजे फल, फलों का रस, नारियल पानी, खजूर, अनार और मौसमी फल जैसे पौष्टिक विकल्प उपलब्ध होंगे।
इस अनोखी योजना की शुरुआत प्रयागराज जंक्शन से हो चुकी है, जहां दो फ्रूट एंड जूस बार शुरू किए गए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हिमांशु शुक्ला ने बताया कि भारतीय रेलवे में पहली बार फल और ताजे जूस की व्यवस्थित सुविधा शुरू की गई है।
ये भी पढ़ें- Gorakhpur: पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा पति, तो उसने कर दिया इनकार, फिर जो हुआ उसे सुनकर चौंक जाएंगे आप
इसका उद्देश्य यात्रियों को हर मौसम में ताजगी और पोषण प्रदान करना है, खासकर सावन में जब कांवरियों की संख्या बढ़ती है। प्रयागराज के अलावा 13 अन्य स्टेशनों पर भी जूस बार खोले जाएंगे, जिनमें कानपुर सेंट्रल (दो), फतेहपुर (एक), अलीगढ़ जंक्शन (एक), टूंडला (दो), छिवकी (एक), इटावा (दो), कानपुर अनवरगंज (एक), फिरोजाबाद (एक) और मानिकपुर (एक) शामिल हैं।
ये जूस बार कांवरियों और यात्रियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराएंगे, ताकि सावन की यात्रा के दौरान उनकी सेहत का ख्याल रखा जा सके। यहां मौजूद हर उत्पाद का मूल्य तय होगा। इसकी मूल्य सूची स्टाल पर चस्पा की जाएगी। मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि 13 स्टेशनों पर नए स्टाल खुलेंगे। यह पहल यात्रियों को स्वस्थ और ताजगी भरा अनुभव प्रदान करेगी, जिससे उनकी यात्रा और भी सुविधाजनक होगी।