
लखनऊ, 28 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप शीतलहर के दौरान जरूरतमंदों और निराश्रित लोगों को सुरक्षित आश्रय एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में लखनऊ के नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को शहर के विभिन्न रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने लक्ष्मण मेला मैदान, जियामऊ और एल्डिको स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लक्ष्मण मेला मैदान स्थित रैन बसेरे में किए गए सुधार कार्यों का जायजा लिया। यहां दो नए कमरों का निर्माण कराया गया है, जिससे अधिक लोगों को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने शेष कार्यों को आगामी तीन दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसी तरह जियामऊ स्थित रैन बसेरे के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंटिंग, शीशा लगाने सहित अन्य शेष कार्यों को एक सप्ताह में पूरा कराने को कहा।
जोन-4 स्थित एल्डिको रैन बसेरे का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने वहां चल रहे पुताई एवं अन्य कार्यों की प्रगति देखी। जी प्लस थ्री भवन वाले इस रैन बसेरे में 120 लोगों के ठहरने की क्षमता है। उन्होंने सभी शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- इंदौर में पुलिसकर्मी से 8 लाख की साइबर ठगी, फॉरेक्स ट्रेडिंग में 20% मुनाफे का दिया झांसा
यह भी पढ़ें- सीएम हेल्पलाइन शिकायत से भड़के स्कूल प्रिंसिपल ने छात्र को फेल करने की दी धमकी, DM ने किया सस्पेंड