नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा ने उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बढ़ा दिया है। सरगुजा संभाग में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में करीब चार डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले तक पारा 13 डिग्री के आसपास बना हुआ था। अचानक बढ़ी ठिठुरन से सुबह और रात के समय ठंड का असर तेज हो गया है। मैदानी इलाकों के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी सर्दी बढ़ने लगी है।
मौसम में इस बदलाव की प्रमुख वजह उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं को माना जा रहा है। उत्तर भारत में मौसम साफ होने और हिमालयी क्षेत्रों के साथ जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी के बाद वहां से आ रही सर्द हवाओं का असर सरगुजा संभाग तक पहुंच रहा है।
इसका प्रभाव अंबिकापुर के अलावा सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और जशपुर जिले के इलाकों में भी महसूस किया जा रहा है। सरगुजा के पहाड़ी पर्यटन स्थल मैनपाट में न्यूनतम तापमान करीब आठ डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं बलरामपुर जिले के सामरीपाठ क्षेत्र में भी ठंड का असर बढ़ा है। आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने पर तापमान में और गिरावट के आसार हैं।
मौसम में बदलाव की आशंका से किसान चिंतित
मौसम में संभावित बदलाव और बारिश की आशंका ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में तैयार हो चुकी धान की फसल को सुरक्षित समेटने के लिए किसान कटाई और मिसाई का काम तेजी से पूरा करने में जुटे हैं। कई गांवों में खलिहानों में धान की मिसाई चल रही है।
किसानों की कोशिश है कि संभावित बारिश से पहले धान की कटाई, मिसाई और भंडारण का काम पूरा कर लिया जाए, ताकि खुले खलिहानों में रखी फसल भीगने से बच सके। खासकर सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इस समय खेती-किसानी का काम अंतिम दौर में है।
ऐसे में एक ओर बढ़ती ठंड रबी फसलों के लिए अनुकूल मानी जा रही है, वहीं दूसरी ओर चक्रवात के कारण संभावित बादल और हल्की बारिश ने धान की फसल को सुरक्षित रखने की चुनौती बढ़ा दी है। कुल मिलाकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं।
आगामी दिनों में मौसम में होगा बदलाव
इधर बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ के मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे में बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है। 20 से 22 नवंबर के बीच सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
हालांकि, उत्तरी छत्तीसगढ़ में चक्रवात का प्रभाव सीमित रहने का अनुमान है। इसकी तुलना में दक्षिणी छत्तीसगढ़ में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
बादलों के कारण अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि चक्रवात का प्रभाव समाप्त होने और आसमान साफ होने के बाद उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं फिर प्रभावी होंगी। ऐसे में नवंबर के अंतिम सप्ताह में सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।
ऐसा रहा अंबिकापुर का तापमान
दिनांक न्यूनतम तापमान
13 नवंबर 11
14 नवंबर 11. 4
15 नवंबर 12. 5
16 नवंबर 13
17 नवंबर 13. 1
18 नवंबर 9.2