CG Maoist: कांकेर में घेराबंदी कर 20 लाख के इनामी पांच माओवादी पकड़े गए, 8 लाख का इनामी चंदर कतलाम शामिल
सुरक्षा बलों ने मेंड्रा इलाके के जंगल में घेराबंदी कर 20 लाख रुपये के इनामी पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 08:18:55 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 08:18:55 PM (IST)
20 लाख के इनामी माओवादी पकड़े, नईदुनियाHighLights
- जिले के जंगल में पुलिस की घेराबंदी
- 20 लाख के इनामी माओवादी पकड़े
- छठा माओवादी पुलिस गिरफ्त से बाहर
नईदुनिया न्यूज, कांकेर। छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर में कमजोर पड़ चुके माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने की कोशिशों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने मेंड्रा इलाके के जंगल में घेराबंदी कर 20 लाख रुपये के इनामी पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया है।
इनमें आठ लाख रुपये का इनामी माओवादी डीवीसीएम चंदर कतलाम भी शामिल है। वहीं, उनका छठा साथी मंगेश अलग-थलग पड़ गया है। उसके पास अब कोई हथियार नहीं है। एक-दो दिनों में उसके भी आत्मसमर्पण करने की संभावना है।
13 अप्रैल के बाद कमजोर पड़ा संगठन
जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को तेलुगु कैडर की माओवादी रूपी रेड्डी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद उत्तर बस्तर में माओवादी संगठन का नेटवर्क कमजोर पड़ गया था। इसके बाद उसके साथी भी बिखर गए थे और गिरफ्तारी व मुठभेड़ के डर से जंगलों में छिपकर भटक रहे थे।
इसी बीच संगठन को दोबारा सक्रिय करने के लिए ग्रामीणों के साथ बैठकें कर संपर्क बढ़ाने और गतिविधियां शुरू करने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से मेंड्रा इलाके के जंगल में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर पांच माओवादियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को पूछताछ के लिए गोंडाहूर थाना लाया गया है। उनके छिपाए गए हथियारों की बरामदगी को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि मंगेश के पास मौजूद ऑटोमेटिक हथियार पहले ही बरामद किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि, माओवादी रूपी के पति विजय रेड्डी को पिछले वर्ष मानपुर-मोहला में हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया था। इसके बाद रूपी और उसके साथी गिरफ्तारी, आत्मसमर्पण या मुठभेड़ से बचने के लिए छिपते फिर रहे थे। रूपी के मारे जाने के बाद संगठन के शेष सदस्य अलग-थलग पड़ गए थे।
एरिया कमांडर मंगलू भी गिरफ्तार
गिरफ्तार माओवादियों में पड्डा-काकानार क्षेत्र का एरिया कमांडर मंगलू भी शामिल हैं। आठ लाख का इनामी चंदर संगठन में डिविजनल कमेटी मेंबर के रूप में सक्रिय था। इनके अलावा मनीषा परचापी, रमशीला और सनकी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को पूछताछ में माओवादी नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और क्षेत्र में सक्रिय अन्य सदस्यों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
मंगेश अलग-थलग पड़ गया है। उसका सामान बरामद हो चुका है। एक-दो दिनों में उसके आत्मसमर्पण की संभावना है। उसके पास अब कोई हथियार नहीं है। निखिल राखेचा, एसपी