
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। माओवादी हिंसा से मुक्ति के बाद सरकार का ध्यान अब पूरी तरह बस्तर के विकास पर है। राज्य सरकार क्षेत्र को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने चाहती है। ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ के तहत संभाग के सात जिलों के पांच लाख परिवारों को अगले पांच वर्षों में स्थायी आजीविका से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रत्येक परिवार की मासिक आय 20 से 30 हजार रुपये तक पहुंचाने की योजना है। अभियान में बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांव शामिल होंगे। कृषि, वनोपज, पशुपालन और गैर कृषि गतिविधियों के 23 उपक्षेत्रों के 52 उत्पादों पर विशेष जोर रहेगा। इनमें इमली, महुआ, काजू, बांस, शहद, कॉफी, मिलेट्स और दुग्ध उत्पादन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- सीजी में 1501 पदों पर निकली भर्तियां, तीन दिसंबर तक कर सकेंगे अप्लाई; आवेदन की बढ़ाई गई तारीख
राष्ट्रीय बाजार से जोड़ा जाएगा
योजना के तहत उत्पादन के साथ संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन की व्यवस्था भी विकसित होगी। स्थानीय उत्पादों को डिजिटल माध्यम से राष्ट्रीय बाजार से जोड़ा जाएगा। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए दुधारू गाय उपलब्ध कराने की योजना भी है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अब चमकेंगे खनन प्रभावित गांव, जनकल्याण की जरूरतों पर खर्च होगी DMF राशि
60 सरकारी योजनाओं का होगा समन्वय
अभियान में केंद्र और राज्य की 60 योजनाओं का समन्वय होगा। पूर्व सुरक्षा कैंपों में शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा विकसित करने का प्रस्ताव है। गीदम और कांकेर में इसकी प्रारंभिक गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं।उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को मंत्रालय में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि परिवारों की रुचि और स्थानीय संसाधनों के आधार पर आजीविका गतिविधियां तय की जाएं, ताकि कोई पात्र परिवार वंचित न रहे।
यह भी पढ़ें- 28 नवंबर को चलेगी मुजफ्फरपुर-हडपसर वन-वे स्पेशल ट्रेन, कटनी, जबलपुर और इटारसी में ठहराव