
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर छत्तीसगढ़ के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जहां अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। दूसरी ओर, राजधानी रायपुर में सुबह और रात की हल्की ठंडक के बीच दिन में खिल रही धूप लोगों को राहत दे रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान जताया है।
नवंबर के आखिरी दिनों में रायपुर के मौसम का मिजाज तेजी से बदला है। सुबह के समय हल्की ओस और ठंडी हवाओं के कारण मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों और स्कूल-दफ्तर जाने वालों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। दोपहर में धूप खिलने से मौसम सामान्य रहता है, लेकिन शाम ढलते ही फिर से हल्की ठंड बढ़ जाती है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री (सामान्य से 1.2 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.5 डिग्री कम) दर्ज किया गया। आज 29 नवंबर को आसमान साफ रहने के साथ दिन का पारा 29 डिग्री और रात का पारा 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- CG Weather Update: उत्तर छत्तीसगढ़ में ठिठुरन बढ़ी, बलरामपुर 8.3 और अंबिकापुर 8.9 डिग्री
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के मुताबिक, गंगीय बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि, इसका प्रदेश के मौसम पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा और अगले दो दिन मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव या तेज गिरावट की संभावना नहीं है। बीते 24 घंटों में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस माना एयरपोर्ट क्षेत्र में रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें- Raipur Seminar : नाइट शिफ्ट में काम करने से बिगड़ रही जैविक घड़ी, बढ़ रहा गंभीर बीमारियों का खतरा
• अंबिकापुर: अधिकतम 26.1 डिग्री, न्यूनतम 8.5 डिग्री
• पेंड्रारोड: अधिकतम 26.0 डिग्री, न्यूनतम 9.8 डिग्री
• दुर्ग: अधिकतम 27.4 डिग्री, न्यूनतम 11.2 डिग्री
• जगदलपुर: अधिकतम 27.6 डिग्री, न्यूनतम 11.7 डिग्री
• माना एयरपोर्ट (रायपुर): अधिकतम 28.0 डिग्री, न्यूनतम 13.2 डिग्री
• बिलासपुर: अधिकतम 25.8 डिग्री, न्यूनतम 13.8 डिग्री
यह भी पढ़ें- 100 में से 6 अंक पाकर भी बन गए शिक्षक, छत्तीसगढ़ शिक्षा मंत्री ने मानी चूक, जांच के दिए आदेश