
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश में कभी जिन महिलाओं की सुबह चूल्हे के लिए लकड़ी जुटाने से शुरू होती थी और शाम धुएं से भरी रसोई में खाना पकाते बीतती थी, उनकी जिंदगी में अब बदलाव की लौ जल रही है। बस्तर के सुदूर वनांचल से लेकर सरगुजा की पहाड़ियों और मैदानी गांवों तक रसोईघरों में धुएं के गुबार की जगह नीली लौ ने ले ली है। लकड़ी, कोयले और उपलों के धुएं से जूझती 39 लाख 73 हजार से अधिक महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन मिले हैं। यह बदलाव सिर्फ रसोई में ईंधन बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य, समय और श्रम की बचत से भी जुड़ा है।
योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश के कई जिलों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। आंकड़ों के मुताबिक, बिलासपुर जिले में सर्वाधिक दो लाख 94 हजार 134 महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से एलपीजी गैस कनेक्शन देकर धुएं से राहत दिलाई गई है।
• जांजगीर-चांपा: 2,74,650 कनेक्शन
• रायगढ़: 2,30,101 कनेक्शन
• बलौदाबाजार-भाटापारा: 2,27,132 कनेक्शन
• महासमुंद: 1,93,464 कनेक्शन
• कोरबा: 1,55,683 कनेक्शन
• जशपुर: 1,42,185 कनेक्शन
• बस्तर: 1,33,555 कनेक्शन
• बेमेतरा: 1,33,377 कनेक्शन
• धमतरी: 1,28,643 कनेक्शन
• कवर्धा: 1,20,895 कनेक्शन
• मुंगेली: 1,19,549 कनेक्शन
जशपुर की क्रांति यादव और फूलमती नगेसिया का कहना है कि पहले चूल्हे के धुएं से आंखों में जलन और सांस लेने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब गैस से खाना बनाना बेहद आसान हो गया है। राजनांदगांव जिले के मेड़ेसरा निवासी राजेश्वरी साहू ने बताया कि निशुल्क एलपीजी कनेक्शन मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और किफायती ईंधन सुलभ हुआ है। वहीं, रवेली निवासी परमेश्वरी वर्मा ने कहा कि पहले चूल्हे के धुएं से घर के छोटे बच्चों को भी काफी दिक्कत होती थी, जिससे अब पूरी तरह राहत मिल गई है। महिलाओं के नाम पर कनेक्शन जारी होने से परिवार में उनकी पहचान और निर्णय लेने की भागीदारी भी मजबूत हुई है।
यह भी पढ़ें- CG Forest Guard Exam : छत्तीसगढ़ में 13 दिसंबर को होने वाली वनरक्षक भर्ती लिखित परीक्षा स्थगित, नई तारीख तय नहीं
पहले ग्रामीण महिलाओं का एक बड़ा हिस्सा जंगल से जलाऊ लकड़ी बीनने, उपले थापने और फिर चूल्हा जलाने में ही बीत जाता था। इससे वे न तो अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दे पाती थीं और न ही किसी आर्थिक गतिविधि से जुड़ पाती थीं। गैस कनेक्शन मिलने से खाना बनाना बेहद आसान और तेज हो गया है। इस बचे हुए समय का उपयोग अब महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर रोजगार करने, बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने और परिवार की आय बढ़ाने में कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- वनाधिकार पट्टा मिला, लेकिन धान बेचने का हक अटका; संकट में बीजापुर के 600 किसान
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में तहसील के चक्कर बंद: मोबाइल से निकालें 1929 से 1945 तक के भूमि दस्तावेज, बचेंगे हजारों रुपये