
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर को लेकर प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रायपुर की विशेष अदालत से 28 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर भेजे गए हिमांशु ने न्यायिक और प्रशासनिक व्यवस्था में प्रभाव होने का दावा कर प्रमोटरों से करोड़ों रुपये वसूले थे। उसे प्रमोटरों से ‘सर’ के नाम से मिलवाया गया था। सौरभ के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में दुबई के एक विला में हुई बैठक के दौरान हिमांशु ने उनके खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों को मैनेज करने और इंटरपोल के नोटिस निष्प्रभावी कराने का भरोसा दिया था।
इस कथित डील के तहत अक्टूबर 2023 में ही 15 करोड़ रुपये देने और बाद में हवाला के जरिए कई नकद किस्तें पहुंचाने का आरोप है। सौरभ चंद्राकर ने 15 और 18 नवंबर को पीएमएलए के तहत दर्ज बयानों में हिमांशु से मुलाकात और लेनदेन का घटनाक्रम बताया है। इन्हीं जानकारियों के आधार पर ईडी हिमांशु की भूमिका, रकम के स्रोत और उसके संपर्कों की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें- महादेव सट्टा एप: सौरभ चंद्राकर ने 'वकीलों से मुलाकात' समेत कोर्ट में लगाए तीन आवेदन, 27 नवंबर को सुनवाई
सौरभ के बयान के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत अक्टूबर 2023 के पहले सप्ताह में हुई थी। उस दौरान मुंबई की फिल्म निर्माण कंपनी कुरैशी प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड पर ईडी ने छापेमारी की थी। यह कंपनी महादेव नेटवर्क से जुड़े वसीम कुरैशी से संबंधित बताई गई है। छापेमारी के बाद वसीम कुरैशी और उसके सहयोगी हर्षवर्धन ने दुबई में एक बैठक आयोजित की थी।
इसमें महादेव के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, सह-प्रमोटर रवि उप्पल, अधिवक्ता सुमित कोचर और हिमांशु शेखर शामिल हुए थे। यह बैठक दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में हुई थी। सौरभ के मुताबिक, हिमांशु का परिचय प्रमोटरों से एक प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में ‘सर’ कहकर कराया गया था। बैठक में उसने दावा किया कि वह महादेव प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे सभी आपराधिक मामलों को संभाल सकता है। इतना ही नहीं, लंबित इंटरपोल नोटिस को भी निष्प्रभावी कराने का भरोसा दिया था।
यह भी पढ़ें- हवाला से शेयर बाजार तक, महादेव सिंडिकेट की मनी लॉन्ड्रिंग की पूरी कहानी
सौरभ ने अपने बयान में आरोप लगाया कि हिमांशु को अक्टूबर 2023 में 15 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसके बाद दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के माध्यम से कई अतिरिक्त नकद किस्तें पहुंचाई गईं। दुबई में भी उसे नकदी देने का दावा किया गया है। हिमांशु कथित तौर पर प्रमोटरों को बताता था कि यह रकम भारत में उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जानी है। सौरभ के अनुसार, हिमांशु ने जजों और वकीलों से सीधे बातचीत होने का दावा भी किया था। उसने प्रमोटरों से कहा था कि संबंधित वकीलों और जजों से बात हो चुकी है। अदालतों में कुछ मामलों की सुनवाई और कानूनी गतिविधियों का हवाला देकर वह प्रमोटरों को भरोसा दिलाता था कि उनके लिए व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं।
ईडी की रिमांड अर्जी से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, सौरभ ने 18 नवंबर के बयान में हिमांशु से जुड़ा एक और घटनाक्रम बताया। इसमें लोटस365 डॉट कॉम से जुड़े पूर्व साझेदार और बुकी गिरीश तलरेजा का जिक्र है। सौरभ के मुताबिक, तलरेजा से विवाद के बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। जब तलरेजा जयपुर से भोपाल पहुंचा तो सौरभ और रवि उप्पल ने उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाकर हिमांशु को दी। आरोप है कि हिमांशु ने भोपाल के एक होटल में ठहरे तलरेजा की गिरफ्तारी उसी दिन होने की बात कही थी। कुछ घंटे बाद ईडी ने तलरेजा को गिरफ्तार कर लिया। सौरभ ने दावा किया कि इस घटनाक्रम से प्रमोटरों का हिमांशु पर भरोसा बढ़ गया। उन्हें लगने लगा कि उसके पास केंद्रीय जांच एजेंसियों की गोपनीय गतिविधियों की जानकारी है। हिमांशु ने इसी तरह कुछ गोपनीय जानकारियां साझा कर अपना प्रभाव स्थापित किया था।
यह भी पढ़ें- आयकर विभाग को 18 लॉकरों में मिले 20 करोड़ के आभूषण, पीआरए और बर्बरिक ग्रुप के खिलाफ जांच जारी
ईडी ने 21 नवंबर को हिमांशु से जुड़े दिल्ली के चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। इनमें पंचशील पार्क स्थित उसका आवास और लाजपत नगर स्थित उसकी कंपनी यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय भी शामिल था। तलाशी के दौरान अधिकारियों को हाथ से लिखे कुछ नोट मिले, जिनमें करोड़ों रुपये के लेनदेन, मुंबई-दिल्ली और हवाला से जुड़े संभावित हिसाब दर्ज होने का संदेह जताया गया है। इन पर्चियों में मुंबई, दिल्ली, हवाला और रकम से जुड़ी कई प्रविष्टियां मिली हैं। कुछ जगह करोड़ों की रकम और किस्तों में भुगतान का उल्लेख है। ईडी इन प्रविष्टियों का मिलान सौरभ के बयानों और हवाला लेनदेन से कर रही है। हालांकि, पर्चियों में दर्ज व्यक्तियों और रकम का वास्तविक संबंध अभी जांच का विषय है।
ईडी ने हिमांशु के विदेश यात्रा रिकॉर्ड की भी पड़ताल की है। एजेंसी के अनुसार, वह अक्टूबर 2023 में दुबई गया था और कुछ दिनों बाद भारत लौटा था। इसके बाद भी दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच उसकी कई विदेश यात्राएं सामने आई हैं। यह वही अवधि है, जिसमें सौरभ ने अतिरिक्त नकद भुगतान किए जाने का आरोप लगाया है। ईडी ने हिमांशु की कंपनी यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड भी खंगाले हैं। एजेंसी के अनुसार, कंपनी का कारोबार वित्त वर्ष 2022-23 में करीब 52.66 लाख रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गया। इस बढ़ोतरी और कथित भुगतान के बीच संबंध की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में क्रिप्टो करेंसी के नाम पर बड़ी ठगी, कोचिंग संचालक से ऐंठे ₹1.54 करोड़, मुख्य आरोपित पकड़ाया
पूछताछ के दौरान हिमांशु ने दुबई में महादेव प्रमोटरों से मुलाकात की बात स्वीकार की, लेकिन इसे पेशेवर संबंधों तक सीमित बताया। उसने दावा किया कि वसीम कुरैशी से 25 लाख रुपये और प्रमोटरों से बैंकिंग माध्यम से 40 लाख रुपये मिले थे। उसने 15 करोड़ रुपये और अन्य नकद भुगतान लेने के आरोपों से इनकार किया है।
हिमांशु 20 नवंबर को दुबई जाने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा था, जहां लुकआउट सर्कुलर के आधार पर उसे रोक लिया गया। ट्रांजिट रिमांड को लेकर मुंबई की विशेष अदालत और बॉम्बे हाई कोर्ट में कानूनी प्रक्रिया चली। हाई कोर्ट से ईडी को राहत मिलने के बाद 23 नवंबर को उसे रायपुर में गिरफ्तार कर विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 28 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है।
महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये लेने के आरोप में गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर की पेशेवर पृष्ठभूमि भी चर्चा में है। उसकी लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह खुद को कानून विशेषज्ञ, लीगल कंसल्टेंट और लॉ प्रैक्टिस प्रोफेशनल बताता है। प्रोफाइल में उसने पटना, बिहार को अपना स्थान बताया है और कानून के क्षेत्र में 17 साल से अधिक का अनुभव होने का दावा किया है।
हिमांशु की लिंक्डइन प्रोफाइल में शैक्षणिक योग्यता के तौर पर बीबीए-एलएलबी (ऑनर्स) और एलएलएम का उल्लेख है। उसने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलयू), जोधपुर से पढ़ाई करने की जानकारी दी है। अपनी प्रोफाइल में एलएलएम गोल्ड मेडलिस्ट होने का भी दावा किया है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया से जुड़ा पेशेवर अनुभव भी दर्शाया है। प्रोफाइल में करीब 960 फॉलोअर्स दिखाई देते हैं।