
वाकेश कुमार, नईदुनिया, रायपुर। राजधानी रायपुर से करीब 25 किलोमीटर दूर और पाटन से महज छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित टोलाघाट इन दिनों दूसरे राजिम के रूप में मशहूर हो रहा है। यहां खारुन नदी और सोनपुर नाला के संगम के बीच 74 फीट ऊंचा शिव मंदिर श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक बनकर खड़ा है। नदियों का संगम अक्सर आस्था का केंद्र होता है, लेकिन जब इसके साथ सामाजिक एकजुटता, सामूहिक संकल्प और प्रकृति का सौंदर्य भी जुड़ जाए तो वह स्थान अपनी अलग पहचान बना लेता है।
मंदिर की खासियत केवल इसकी ऊंचाई और खूबसूरती ही नहीं, बल्कि इसके निर्माण के पीछे छिपी 22 गांवों की एकजुटता की कहानी भी है। आज यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ पिकनिक, सामाजिक समरसता और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी पहचान बना चुका है।
टोलाघाट के शिव मंदिर की कहानी करीब 95 साल पुरानी है। लगभग वर्ष 1930 में ठकुराइन टोला में निषाद समाज की पहली बैठक हुई थी। इसमें 22 गांवों के समाजजनों ने मिलकर मंदिर निर्माण का संकल्प लिया। तय किया गया कि प्रत्येक घर से सालाना एक रुपये का चंदा लिया जाएगा और हर गांव बारी-बारी से श्रमदान करेगा। उस दौर में एक रुपये की राशि भले ही छोटी रही हो, लेकिन इसके पीछे सामूहिक आस्था और एक बड़े सपने की भावना जुड़ी थी। इस निर्णय के बाद वर्ष 1931-32 में खारुन नदी और सोनपुर नाला के संगम पर मंदिर निर्माण के लिए नींव रखी गई। समाज के लोगों ने वर्षों तक चंदा जुटाने के साथ श्रमदान भी किया। करीब पांच दशक से अधिक समय तक चले सामूहिक प्रयासों के बाद वर्ष 1984 में मंदिर का निर्माण पूरा हुआ।
यह भी पढ़ें- विश्व विरासत सप्ताह: 600 ईसा पूर्व की कहानी कहता रीवांगढ़, दफन है 2,600 वर्ष का इतिहास
खारुन और सोनपुर नाला का संगम तथा बीच में स्थित शिव मंदिर का दृश्य बरबस राजिम की याद दिलाता है। जिस तरह महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के संगम पर स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर अपनी विशिष्ट पहचान रखता है, उसी तरह टोलाघाट का शिव मंदिर भी जलधाराओं के बीच श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। यही वजह है कि स्थानीय लोग इसे दूसरे राजिम के रूप में देखने लगे हैं। बरसात के दिनों में यहां का नजारा और भी आकर्षक हो जाता है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर जब बाढ़ का पानी मंदिर के चबूतरे तक पहुंचता है, तब ऐसा प्रतीत होता है मानो पानी के बीच कोई रथ खड़ा हो। नदी की लहरों के बीच स्थित मंदिर का यह दृश्य लोगों को कुछ पल ठहरकर निहारने के लिए मजबूर कर देता है।
टोलाघाट की खूबसूरती केवल मंदिर और नदी संगम तक सीमित नहीं है। यहां हर साल सैकड़ों प्रवासी पक्षी भी पहुंचते हैं। नदी के आसपास का शांत वातावरण और प्राकृतिक परिवेश इन पक्षियों के अनुकूल है। सर्दियों के मौसम में इनका जमावड़ा यहां की सुंदरता में चार चांद लगा देता है। खास बात यह है कि स्थानीय ग्रामीण इन मेहमान पक्षियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखते हैं।
यह भी पढ़ें- कभी 147 मंदिरों का नगर था दंतेवाड़ा का बारसूर, धर्म इतिहास और प्रकृति का संगम
शिव मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद खारुन नदी के तटों पर श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के अनुरूप देवी-देवताओं के मंदिर बनवाए। वर्तमान में यहां 15 से अधिक छोटे-बड़े मंदिर हैं। संगम क्षेत्र में स्थित ये मंदिर पूरे परिसर को धार्मिक स्वरूप प्रदान करते हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां प्रतिवर्ष मेला आयोजित होता है। मंदिर समिति की ओर से मेले की व्यवस्था की जाती है। इस दौरान आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।
धार्मिक महत्व के साथ टोलाघाट अब आसपास के लोगों के लिए पसंदीदा पिकनिक स्थल भी बन चुका है। नदी का विस्तृत किनारा, संगम का नजारा और मंदिर परिसर लोगों को आकर्षित करता है। रायपुर, दुर्ग और अभनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से लोग यहां पहुंचते हैं। टोलाघाट तक पक्की सड़क होने से आवागमन भी सुविधाजनक है।
यह भी पढ़ें- विश्व विरासत सप्ताह: बस्तर का ऐसा मंदिर जो बना शिव के लिए, पर विराजमान हुए भगवान विष्णु
टोलाघाट की धार्मिक और प्राकृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पर्यटन मानचित्र में इसे शामिल कराने की दिशा में यहां लक्ष्मण झूला बनाया गया है। इससे संगम क्षेत्र में पर्यटकों के आकर्षण और आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।