
वाकेश कुमार, नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी से करीब 30 किलोमीटर दूर आरंग ब्लाक का रीवां (रीवांगढ़) गांव अपने भीतर प्रदेश के प्राचीन इतिहास की कई परतें समेटे हुए हैं। यहां की मिट्टी में हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता के साक्ष्य छिपे हैं। पुरातत्व विभाग के उत्खनन में प्राचीन मानव बस्ती, बौद्ध स्तूप, रिंगवेल, कुआं, मिट्टी के बर्तन, पासे और विभिन्न आकार की ईंटें मिली हैं। यहां मौर्य, शुंग, सातवाहन, शक-क्षत्रप, कुषाण, माघ और कल्चुरी शासकों के सिक्के मिले हैं।
रीवांगढ़ की ऐतिहासिक प्राचीनता को वैज्ञानिक जांच से भी प्रमाणित किया गया है। उत्खनन में मिले चारकोल के नमूनों की अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित बीटा एनालिटिक्स प्रयोगशाला में एएमएस रेडियोकार्बन (कार्बन- 14) डेटिंग कराई गई। इसमें सबसे पुराने नमूने की उम्र 806 से 748 ईसा पूर्व निर्धारित हुई। इससे पता चलता है कि यहां उत्तर वैदिक काल और लौह युग में ही मानव सभ्यता विकसित हो चुकी थी। अन्य नमूनों से 650 से 543 ईसा पूर्व और 541 से 392 ईसा पूर्व के कालखंड के प्रमाण मिले हैं।
यह भी पढ़ें- विश्व विरासत सप्ताह: बस्तर का ऐसा मंदिर जो बना शिव के लिए, पर विराजमान हुए भगवान विष्णु
रीवांगढ़ का भौगोलिक स्वरूप भी इसकी ऐतिहासिक पहचान को खास बनाता है। यह प्राचीन स्थल कोलहान नाला और बंधवा तालाब के बीच स्थित है। चंडी मंदिर के समीप करीब 75 एकड़ में फैले इस क्षेत्र को मृत्तिकागढ़ यानी मिट्टी का किला या मडफोर्ट कहा जाता है। इसके चारों ओर खाई और परकोटे के अवशेष आज भी मौजूद हैं। स्थानीय जनमानस में यहां लोरिक-चंदा की लोककथा भी पीढ़ियों से प्रचलित है।
यह भी पढ़ें- कभी 147 मंदिरों का नगर था दंतेवाड़ा का बारसूर, धर्म इतिहास और प्रकृति का संगम
रीवांगढ़ की ऐतिहासिक पहचान वर्ष 1975 में उस समय सामने आई, जब यहां 35 स्वर्ण सिक्के मिले थे। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक बड़े टीले को भी इतिहासकारों ने बौद्ध स्तूप होने की संभावना से जोड़ा था। इन साक्ष्यों के आधार पर वर्ष 2019 में संस्कृति विभाग के पुरातत्व, अभिलेखागार व संग्रहालय संचालनालय ने व्यवस्थित उत्खनन शुरू कराया। डा. वृषोत्तम साहू के सह निर्देशन में दो प्रमुख टीलों पर करीब सात मीटर गहराई तक खुदाई की गई। इसमें अलग-अलग कालखंडों की सांस्कृतिक परतें सामने आईं।
वर्ष 2024 के उत्खनन चरण में कुषाण काल के सैकड़ों सिक्के, पासे, कुआं और मिट्टी के बर्तन मिले। इसके अलावा मौर्य, शुंग, सातवाहन, शक-क्षत्रप और कुषाण काल के सिक्कों के साथ गज-देवी प्रकार के 2,606 ताम्र सिक्के भी प्राप्त हुए। यहां लौह उपकरण बनाने की कार्यशाला के अवशेष मिलना भी महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र केवल आवासीय बस्ती नहीं था, बल्कि यहां शिल्प और उत्पादन संबंधी गतिविधियां भी होती थीं। मिट्टी के बर्तन, पासे और कुआं तत्कालीन लोगों के रहन-सहन और दैनिक जीवन की जानकारी देते हैं।
यह भी पढ़ें- गुरुनानक जयंती विशेष: छूटा पंजाब, बस्तर में 10 परिवारों से शुरू सफर 160 घरों तक पहुंचा
पुरातात्विक साक्ष्य मिलने के बावजूद रीवांगढ़ में पिछले करीब एक वर्ष से उत्खनन बंद है। हालांकि अब पुरातत्व विभाग यहां म्यूजियम बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसका उद्देश्य उत्खनन में मिले अवशेषों को संरक्षित करने के साथ आम लोगों और पर्यटकों को इस प्राचीन विरासत से परिचित कराना है।