हिमाचल के होटल को अड्डा बनाकर रायपुर भेजते थे कोकीन-एमडीएमए, तीन दोषियों को 20-20 साल की सजा
रायपुर की विशेष एनडीपीएस अदालत ने चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट समेत तीन दोषियों को 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में छह आरोपी बरी हो गए। हिमाचल के कसोल स्थित होटल को ठिकाना बनाकर रायपुर में कोकीन व एमडीएमए खपाई जाती थी।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 03:00:20 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 03:00:20 PM (IST)
रायपुर की विशेष एनडीपीएस अदालत में पुलिस ने आरोपियों को शुक्रवार रात पेश किया।HighLights
- नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट, आर्यन ठाकरे और शुभम सोनी को 20-20 साल की सजा
- साक्ष्य के अभाव में छह आरोपियों को संदेह का लाभ देकर अदालत ने किया बरी
- हिमाचल के कसोल स्थित होटल को ठिकाना बनाकर रायपुर भेजी जाती थी कोकीन और चरस
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर में सामने आए बहुचर्चित अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी मामले में एनडीपीएस की विशेष अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। विशेष न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत ने नौ आरोपियों में से नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट, आर्यन ठाकरे और शुभम सोनी को मादक पदार्थों की तस्करी का दोषी ठहराते हुए 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
वहीं, पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर छह अन्य आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया। सरकारी अधिवक्ता स्वामी शर्मा ने बताया कि मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 20 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए थे।
हिमाचल प्रदेश के कसोल के होटल से चल रहा था नेटवर्क
पुलिस की जांच में रायपुर से दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के कसोल तक फैले ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ था। इस सिंडिकेट में कोकीन, चरस और एमडीएमए की खरीद-बिक्री की जाती थी। हिमाचल प्रदेश के कसोल स्थित होटल एप्पल पाई को तस्करी का मुख्य ठिकाना बनाया गया था। वहां से अलग-अलग माध्यमों से मादक पदार्थ रायपुर भेजे जाते थे। सौदे तय करने और संपर्क रखने के लिए व्हाट्सऐप व स्नैपचैट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल होता था, जबकि भुगतान बैंक खातों में जमा कराया जाता था।
कमल विहार में पकड़ा गया था शुभम
मामले की शुरुआत 23 सितंबर 2024 को हुई थी। मुखबिर की सूचना पर टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर- 4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास घेराबंदी कर शुभम सोनी को पकड़ा था। तलाशी में उसके पास से 31.88 ग्राम चरस और 45.08 ग्राम वजनी 98 एमडीएमए टैबलेट बरामद हुई थीं। इसके अलावा पुलिस ने उसके कब्जे से एक लोहे की पिस्टल, खाली मैगजीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, एक लाख रुपये नकद और दो स्मार्टफोन जब्त किए थे। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने कुल नौ लोगों को आरोपी बनाया था।
हर खेप पर मिलता था कमीशन
जांच में सामने आया कि अभिषेक साहू उर्फ चीनी अपने दोस्त शुभम सोनी और आयुष अग्रवाल के लिए ड्रग्स मंगाता था। शुभम उसे रकम देता था, जिसे अभिषेक अमनदीप सिंह छाबड़ा के बताए खाते में जमा कराता था। फोन रिकॉर्ड होने के डर से वे स्नैपचैट पर बात करते थे। अभिषेक ने शुभम से तीन लाख रुपये नकद लेकर अमनदीप के कहने पर नाजरे आलम के कोटक महिंद्रा बैंक खाते में जमा कराए थे। अमनदीप व्हाट्सऐप पर तस्वीर भेजता और आर्यन ठाकरे सुनसान जगह पर माल पहुंचाता था, जिसके बदले अभिषेक को प्रति खेप 25 हजार रुपये कमीशन मिलता था।
कसोल से कोकीन लेकर आया था आर्यन
पुलिस जांच में सामने आया कि आर्यन ठाकरे कसोल के होटल एप्पल पाई में 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर मैनेजर था, जिसे अमनदीप छाबड़ा और सत्यप्रकाश शास्त्री ने लीज पर लिया था। 21 सितंबर 2024 को सत्यप्रकाश ने आर्यन को जिप वाली थैली में 65.50 ग्राम कोकीन दी थी। आर्यन अपनी कार्गो पैंट की जेब में कोकीन रखकर रायपुर पहुंचा था। उसे 25 सितंबर 2024 को सुबह नरैया तालाब के पास अभिषेक या उसके साथी को डिलीवरी देनी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।
नाइजीरियाई तस्कर से खरीदते थे ड्रग्स
अमनदीप छाबड़ा के बयान से स्पष्ट हुआ कि वह नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट से कोकीन और एमडीएमए खरीदता था, जबकि अशोक यादव से चरस लेता था। इनोसेंट ने ही भुगतान के लिए नाजरे आलम का बैंक खाता उपलब्ध कराया था। आर्यन को रायपुर तक माल पहुंचाने के लिए प्रति खेप 25 हजार रुपये और आने-जाने का किराया दिया जाता था।