
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। सरकारी प्रमाण पत्र बनवाने और शासकीय सेवाओं का लाभ लेने के लिए अब लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), जाति और चरित्र प्रमाण पत्र सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
अक्टूबर में पोर्टल पर 13 विभागों की 46 नई सेवाएं जोड़ी गई हैं। इसके साथ ही प्रदेश में 38 विभागों की कुल 953 शासकीय सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हो गई हैं। नई सेवाओं में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उच्च शिक्षा तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की प्रमुख सेवाएं शामिल हैं।
पोर्टल पर एक अप्रैल 2025 से 31 अक्टूबर 2026 तक 57.52 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 56.45 लाख आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। अक्टूबर में ही 3,08,049 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2,35,256 का निराकरण किया गया। शेष आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है। डिजिटल सेवा व्यवस्था के विस्तार के साथ पोर्टल पर आवेदनों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें- CGPSC में ढाई महीने से अध्यक्ष पद खाली, हजारों युवाओं की तैयारी हो रही प्रभावित
प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित नागरिक सेवा व्यवस्था की शुरुआत वर्ष 2011 में आइटी 1.0 के साथ हुई थी। उस समय लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत नौ विभागों की केवल 25 सेवाएं उपलब्ध थीं। तकनीकी विस्तार के साथ सेवाओं का दायरा बढ़ता गया। अब आईटी 3.0 के दौर में 38 विभागों की 953 सेवाएं एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 29 अप्रैल 2026 को सेवा सेतु के नए संस्करण की शुरुआत की थी।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
निकटतम सेवा सेतु केंद्र पर जाकर इच्छित सेवा के लिए आवेदन कराया जा सकता है। मोबाइल या कंप्यूटर से सेवा सेतु पोर्टल पर नागरिक लॉगिन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। संबंधित सेवा के लिए आवश्यक दस्तावेज स्कैन कर आवेदन के साथ अपलोड करने होंगे।
किसी प्रकार की समस्या होने पर पोर्टल के होम पेज पर शिकायत या सूचना विकल्प का चयन कर जानकारी दर्ज करें और शिकायत सबमिट करें। आवेदन जमा होने पर एक विशिष्ट आवेदन संदर्भ क्रमांक प्राप्त होता है। इसके माध्यम से पोर्टल पर आवेदन की स्थिति देखी जा सकती है। सहायता के लिए चिप्स के हेल्पलाइन नंबर 9203406400 पर संपर्क किया जा सकता है।
विभागवार जोड़ी गई नई सेवाएं कृषि
उर्वरक विक्रय एवं बीज व्यवसाय अनुज्ञप्ति के लिए आवेदन, कीटनाशक विक्रय, भंडारण, वितरण एवं कीट नियंत्रण संचालन की अनुज्ञप्ति।
पुरातत्व
अभिलेखों की प्रतिलिपि उपलब्ध कराने तथा अभिलेखों का अवलोकन करने संबंधी आवेदनों का निराकरण।
ऊर्जा
सीबीजी (कम्प्रेस्ड बायो गैस) परियोजना सुविधा सेवा।
खाद्य नाप्था व्यापार अनुज्ञप्ति एवं नवीनीकरण (नियम 2000), केरोसीन व्यापार अनुज्ञप्ति एवं नवीनीकरण (आदेश 1979), विलायक, रेफिनेट एवं स्लाप व्यापार अनुज्ञप्ति एवं नवीनीकरण (नियम 2000)।
यह भी पढ़ें- रायपुर में बदला सड़कों का स्वरूप, एक्सप्रेस-वे 50 और जीई रोड 67 मीटर चौड़ा, कनेक्टिविटी होगी मजबूत
वन
मालिक मकबूजा काष्ठ का भुगतान तथा शासकीय काष्ठ के काष्ठागार परिवहन का भुगतान।पंचायत एवं ग्रामीण विकास
नल कनेक्शन तथा कालोनाइजर पंजीयन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी)।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी
बोरवेल खनन की अनुमति, असफल ठेकेदारों को ईएमडी की वापसी, निविदाओं का निराकरण, निविदा स्वीकृति के बाद कार्यादेश जारी करना, पेयजल स्रोतों की जांच, हैंडपंप सुधार के लिए आवेदन, उच्चस्तरीय जलागार की मरम्मत एवं क्लोरीनेशन संयंत्र का रखरखाव।
लोक निर्माण
दूरी प्रमाण पत्र जारी करना, राज्य राजमार्ग एवं अनुसूचित सड़क से प्रवेश-निकास की स्वीकृति, राष्ट्रीय राजमार्ग पर भवन रेखा निर्धारण, राइट ऑफ वे उपयोग की अनुमति (केबल, गैस, पेट्रोलियम, पेयजल पाइपलाइन आदि), ठेकेदार पंजीयन (श्रेणी ई, डी, सी, बी), ठेकेदार आनलाइन पंजीयन (श्रेणी ए) तथा बेरोजगार अभियंताओं (उपाधि एवं डिप्लोमा) का पंजीयन।
राजस्व
केंद्रीय ओबीसी प्रमाण पत्र, केंद्रीय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र तथा सड़क दुर्घटना में मृत्यु एवं गंभीर रूप से घायल होने पर आर्थिक सहायता।
ग्रामोद्योग (रेशम)
तसर रेशम विकास एवं विस्तार कार्यक्रम, तसर स्वस्थ बीज समूह प्रदाय योजना, नैसर्गिक तसर कोसा उत्पादन विकास योजना, मलबरी रेशम विकास एवं विस्तार कार्यक्रम, अरंडी रेशम विकास एवं विस्तार योजना तथा उत्प्रेरण विकास एवं विस्तार कार्यक्रम।
स्कूल शिक्षा
स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) के लिए आवेदन।
खेल
प्रवेश एवं चयन परीक्षण तथा राज्य खेल अधोसंरचना के अस्थायी उपयोग के लिए आवेदन, संघों एवं संगठनों को विभागीय मान्यता के लिए आवेदन (प्रपत्र-क), विभागीय मान्यता की निरंतरता के लिए जानकारी तथा मेधावी खिलाड़ी प्रोत्साहन राशि के लिए आवेदन।