
नईदुनिया न्यूज, खैरागढ़। नगर में पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने सहित जिले के विकास को गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को 30 करोड़ 48 लाख 28 हजार रुपये के 63 विकास कार्यों की सौगात दी।
राम मंदिर प्रांगण में आयोजित समारोह में उन्होंने 25 करोड़ 10 लाख 92 हजार रुपये के 61 कार्यों का भूमिपूजन और पांच करोड़ 37 लाख 36 हजार रुपये की लागत से बने दो सेतुओं का लोकार्पण किया। साथ ही खैरागढ़ नगर के लिए चार करोड़ 30 लाख रुपये के चार अतिरिक्त कार्यों की घोषणा की।
समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण से हुई। साव ने राजा फतेह सिंह खेल मैदान के विकास एवं उन्नयन के लिए एक करोड़ 50 लाख रुपये, लाल बहादुर स्पोर्टिंग क्लब के जीर्णोद्धार के लिए 40 लाख रुपये देने की घोषणा की।
एक करोड़ 80 लाख से बनेगी सड़क
अमलीपारा स्थित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन का शेष निर्माण और अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने के लिए 60 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं शासकीय अस्पताल गौरवपथ पर एक करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से डामर सड़क बनाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- कागजों में अटकी CG की धार्मिक पर्यटन योजना, 1 हजार KM लंबा कॉरिडोर प्रस्तावित; 5 करोड़ के बजट का प्रावधान
तीन वर्षों में जिले को मिले 47 करोड़ रुपये उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद उन्हें नगरीय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी मिली। उस समय नगरीय निकायों में विकास कार्य रुके हुए थे।
सरकार ने सभी नगरीय निकायों को विकास के लिए राशि जारी की। बीते तीन वर्षों में जिले को विभिन्न योजनाओं के तहत 47 करोड़ रुपये मिले हैं। उन्होंने कहा कि शहरों को स्वच्छ रखना और नागरिकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के एक लाख छात्रों के खाते में आएंगे 600-600 रुपये; सीएम मोहन यादव आज करेंगे यूनिफॉर्म राशि जारी
गरीब परिवारों को 18 लाख आवासों की स्वीकृति
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई है। विभिन्न विभागों के कार्यों का भूमिपूजन नगर पालिका परिषद खैरागढ़, लोक निर्माण विभाग, सेतु विभाग, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कुल 25 करोड़ 10 लाख 92 हजार रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
वहीं, सेतु विभाग के पांच करोड़ 37 लाख 36 हजार रुपये के दो पुलों का लोकार्पण हुआ। साव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सांकेतिक रूप से आवास की चाबियां भी सौंपीं। समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, कुलपति डा. लवली शर्मा, पूर्व विधायक कोमल जंघेल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में ASI की चलती कार पर हमला, विरोध करने पर हाथ में काटा, आरोपी गिरफ्तार