
नईदुनिया प्रतिनिधि इंदौर। दीपावली पर घरों में रोशनी और मिठाइयों की खुशबू के साथ एक और खास तैयारी चल रही है। अपनों को क्या उपहार दें, जो देखने में आकर्षक हो और इस्तेमाल में भी आए। हर साल मिठाई के डिब्बे और ड्रायफ्रूट्स के पैकेट देने की परंपरा रही है, लेकिन अब गिफ्ट देने का अंदाज भी बदल रहा है। बाजार में तैयार होने वाले गिफ्ट हैम्पर में इस बार स्वाद के साथ सेहत, पसंद और पर्यावरण का भी ध्यान रखा जा रहा है।
कहीं ड्रायफ्रूट्स के साथ चाॅकलेट और हेल्दी लड्डू सजाए जा रहे हैं, तो कहीं गुड़-तिल की बादाम, ओट्स चाकलेट और अलग-अलग स्वाद वाले सीड्स को खास पैकिंग में जगह मिल रही है। वहीं उपहारों की सजावट में प्लास्टिक की जगह कांच, धातु, लकड़ी और बांस जैसी सामग्री का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। यानी अब उपहार सिर्फ देने की रस्म नहीं, बल्कि सामने वाले की पसंद और अपनी सोच जाहिर करने का जरिया बन रहे हैं।
गिफ्ट हैम्पर तैयार करने वाले देवांश गुप्ता बताते हैं कि पिछले दो-तीन वर्षों से एक हजार से तीन हजार रुपये तक की रेंज के हैम्पर ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इनमें ड्रायफ्रूट्स, ड्रायफ्रूट्स के लड्डू और चाॅकलेट शामिल की जाती हैं। ठंड के मौसम को देखते हुए भी लोग ऐसी चीजें चुन रहे हैं, जो स्वाद के साथ सेहत का ध्यान रखें।
दीवाली पर पारंपरिक स्वाद की मांग, चिवड़ा, चकली और अनारसे के सबसे ज्यादा आर्डर
बच्चों के लिए चाकलेट और बिस्किट भी रखे जाते हैं, जिनमें शुगर-फ्री विकल्प की मांग रहती है। वहीं हेल्दी हैम्पर में मक्का, ज्वार और बाजरे के पफ के साथ पंपकिन सीड्स का मिक्स और क्विनोआ पफ जैसे विकल्प शामिल किए जा रहे हैं। इनसे तैयार मिक्स को आकर्षक पैकिंग में दिया जाता है।
हैम्पर की खासियत यह है कि इसमें ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार बदलाव करवा सकते हैं। देवांश बताते हैं कि हैम्पर की शुरुआती कीमत करीब 200 रुपये से होती है। इसमें ड्रायफ्रूट्स की क्वालिटी, आकार और मात्रा के अनुसार कीमत तय होती है। काजू का आकार छोटा या बड़ा होने से भी कीमत में अंतर आता है।
खुद को स्वस्थ महसूस करने वालों का भी होता है हाई ब्लड प्रेशर, अक्सर लक्षण दिखाई नहीं देते
वहीं प्रीमियम हैम्पर 20 से 30 हजार रुपये तक के भी तैयार किए जाते हैं। कई व्यापारी अपने कर्मचारियों, अधिकारियों और परिजनों के लिए छह हजार से 20 हजार रुपये तक के हैम्पर नियमित रूप से बनवाते हैं।
इस बार गिफ्ट हैम्पर में पारंपरिक स्वाद के साथ नए प्रयोग भी देखने को मिल रहे हैं। पलक हसनंदानी बताती हैं कि उन्होंने इस दीपावली के लिए गुड़-तिल की बादाम, ओट्स से बनी चाॅकलेट बार और एडामामे सीड्स के छह अलग-अलग फ्लेवर तैयार किए हैं। इसके अलावा मसाला अमरूद, क्रैनबेरी, संतरा और पोमेलो के साथ इस बार मसाला आम भी खास आकर्षण है। इन चीजों को अलग-अलग हैम्पर में सजाकर दिया जा रहा है।
उनकी कोशिश रहती है कि उपहार में ऐसी चीजें शामिल हों, जिन्हें बच्चे और बड़े सभी पसंद कर सकें। हैम्पर की पैकिंग के लिए कांच के जार, धातु के बर्तन और आकर्षक प्लैटर का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाता। सामान्य तौर पर पांच से छह हजार रुपये तक के हैम्पर लोग आसानी से पसंद कर रहे हैं, जबकि खास मांग पर 12 से 15 हजार रुपये तक के प्रीमियम हैम्पर भी तैयार किए जाते हैं।
दीपावली की मिठाई कहीं न पड़ जाए भारी, दांतों में मौजूद शक्कर को एसिड में बदल देते हैं बैक्टीरिया