बालाघाट में हवाई हमले की मॉक ड्रिल, बमबारी के साथ की गई फायरिंग; पूरा शहर ब्लैकआउट
हमले की खबर लगते ही सुरक्षा बल ने मोर्चा संभाला और हमलावरों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए घायलों का सफल रेस्क्यू किया।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 09:09:42 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 09:09:42 PM (IST)
हवाई हमले की परखी गई तैयारियां, नईदुनियाHighLights
- हवाई हमले की परखी गई तैयारियां
- बमबारी के साथ की हुई फायरिंग
- शहर को किया गया ब्लैकआउट
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। शुक्रवार शाम ठीक 7.30 बजे दुश्मनों ने बालाघाट शहर के पीएम श्री कन्या स्कूल में हवाई हमला कर दिया। बमबारी के साथ दुश्मनों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके कारण पूरे शहर में ब्लैकआउट कर दिया गया।
शहर करीब 15 मिनट अंधेरे में डूबे रहा। हमले की खबर लगते ही सुरक्षा बल ने मोर्चा संभाला और हमलावरों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए घायलों का सफल रेस्क्यू किया। ये नजारा, वास्तविक घटना नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर मॉक ड्रिल का हिस्सा था।
इसका उद्देश्य नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखना था। सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल में हवाई हमले से बचाव, सायरन चेतावनी, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया का पूर्वाभ्यास किया गया।
10 मिनट का किया गया ब्लैकआउट
इस दौरान निर्धारित क्षेत्र में 10 मिनट का ब्लैकआउट भी किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस बल, हॉक फोर्स, एसडीईआरएफ, नगर पालिका की दमकल विभाग की टीम और स्वास्थ्य टीम ने अपनी भूमिका निभाई। हमले में घायलों को जवानों ने रेस्क्यू कर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
इसके अलावा, स्कूल की बिल्डिंग एक बच्चे सहित दो घायलों को रोप के माध्यम से नीचे उतारा गया। माक ड्रिल के दौरान एसडीएम गोपाल सोनी, एएसपी नितेश भार्गव, एएसपी निहित उपाध्याय, कोतवाली टीआइई अजय गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
एएसपी भार्गव ने बताया कि यह अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, नागरिकों की सुरक्षा, विभागीय एवं आम जन मानस के समन्वय को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।