एमपी में ट्रांसफर छात्रों से नहीं वसूली जाएगी फीस, रजिस्ट्रार तलब; नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े पर हाई कोर्ट सख्त
जांच में प्रदेश के 695 नर्सिंग कॉलेजों में से 156 उपयुक्त पाए गए थे। बाद में कमियां दूर करने पर 89 अन्य कॉलेज भी उपयुक्त श्रेणी में आ गए थे।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 07:54:05 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 07:54:05 PM (IST)
एमपी नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े पर हाई कोर्ट सख्त,HighLights
- एमपी नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े पर हाई कोर्ट सख्त
- 45 नर्सिंग कॉलेजों पर लगे अनियमितता के आरोप
- दूसरे कॉलेज में भेजे छात्रों से नहीं ली जाएगी फीस
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। प्रदेश के 45 निजी नर्सिंग कॉलेजों में सरकारी विभागों में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के पद पर कार्यरत लोगों को फैकल्टी के रूप में दर्शाए जाने का मामला हाईकोर्ट पहुंचा है।
नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता से जुड़े फर्जीवाड़े की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति आनंद पाठक व न्यायमूर्ति बीपी शर्मा की युगलपीठ ने आरोपों को गंभीरता से लिया और मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल के रजिस्ट्रार को तलब किया है।
मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होगी। लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता विशाल बघेल ने कागजों पर संचालित फर्जी नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया को चुनौती देते हुए याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि निर्धारित आधारभूत संरचना और अनिवार्य शर्तों का पालन किए बिना कॉलेजों को मान्यता दी गई।
कोर्ट ने दिए थे सीबीआई जांच के आदेश
इसी मामले में हाई कोर्ट ने सीबीआई जांच के निर्देश दिए थे। जांच में प्रदेश के 695 नर्सिंग कॉलेजों में से 156 उपयुक्त पाए गए थे। बाद में कमियां दूर करने पर 89 अन्य कॉलेज भी उपयुक्त श्रेणी में आ गए थे। अनुपयुक्त कॉलेजों के विद्यार्थियों को उपयुक्त संस्थानों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए थे।
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत सिंह ने विद्यार्थियों के स्थानांतरण से संबंधित आंकड़े और कार्यक्रम प्रस्तुत किए। याचिकाकर्ताओं की ओर से विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए मॉड्यूल में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। हाई पावर कमेटी ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।
छात्रों से नहीं वसूली जाएगी दोहरी फीस
युगलपीठ ने स्पष्ट किया कि अनुपयुक्त से उपयुक्त कॉलेज में स्थानांतरित होने वाले विद्यार्थियों पर दोहरी फीस का बोझ नहीं डाला जा सकता। पुराने कॉलेज में प्रवेश के समय फीस जमा कर चुके विद्यार्थियों से नए संस्थान में अतिरिक्त ट्यूशन फीस नहीं ली जाएगी।
परीक्षा, प्रायोगिक कार्य और आवश्यक निगरानी संबंधी खर्चों के लिए न्यूनतम राशि ली जा सकती है। युगलपीठ ने एमपीएनआरसी और याचिकाकर्ताओं को चार सप्ताह में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की प्रवेश व्यवस्था का प्रस्तावित प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
इसमें प्रवेश परीक्षा और मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों की पसंद के कालेज आवंटित करने की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया है। परिषद को सभी निजी उपयुक्त नर्सिंग कालेजों की बैठक बुलाकर स्थानांतरित विद्यार्थियों की फीस और अन्य खर्चों में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।