बालाघाट में बोरी में मिला शव, 5 लाख के आभूषण गायब; नवंबर महीने में हुए 7 हत्याकांड
बीते 28 दिनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगभग सात हत्याकांडों ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 07:03:13 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 07:03:13 PM (IST)
नवेगांव थाना क्षेत्र में मिला वृद्धा का शव, सांकेतिक तस्वीरHighLights
- नवेगांव थाना क्षेत्र में मिला वृद्धा का शव
- सोने-चांदी के आभूषण मिले गायब
- इस माह अलग-अलग हुए 7 हत्याकांड
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बालाघाट के लिए नवंबर माह हत्या जैसे संगीन अपराध के लिए याद रखा जाएगा। बीते 28 दिनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगभग सात हत्याकांडों ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। आपसी रंजिश, पैसों-संपत्ति का लालच, रिश्तों में अनबन और अवैध संबंध इन हत्याओं की वजह बने हैं।
ताजा मामला नवेगांव थाना क्षेत्र का है, जहां शनिवार को ग्राम सिहोरा निवासी 84 वर्षीय पार्वती पति स्वर्गीय सूरजलाल मोहारे का शव प्लास्टिक की बोरी में बंधा मिला। मृतक के गले-कान में पहने सोने-चांदी के जेवर गायब हैं, जिनकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये है।
मृतका 26 नवंबर से लातपा थी। परिजनों, रिश्तेदारों ने कई जगह तलाश की, लेकिन शनिवार को घर से करीब डेढ़ किमी दूर चिखला के जंगल में झाड़ियों के बीच पार्वती का शव मिला। पुलिस ने शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
महिला के सिर और चेहरे पर चोटे के निशान हैं। पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है। इसे बालाघाट की लचर कानून व्यवस्था कहें या लोगों में कानून का खत्म होता डर, पिछले 28 दिनों के भीतर एक के बाद एक हत्याओं के मामलों ने जिलेवासियों में डर पैदा कर दिया है।
रिश्तेदार से बात करके फोन देने पड़ोसी के घर गई थी मृतका
मृतका के बेटे फागूलाल मोहारे ने बताया कि 26 नवंबर को बोट्टे में रहने वाले उनके रिश्तेदार जयकिशोर पगरवार ने मां पार्वती से बात करने के लिए फोन किया था। जयकिशोर ने पहले मृतका के जेठ के बेटे देवेंद्र को फोन किया और पार्वती से बात कराने कहा। चूंकि देवेंद्र अपने कृषि केंद्र में था, इसलिए उन्होंने पत्नी श्रद्धा को फोन करने कहा।
जयकिशोर ने श्रद्धा को फोन लगाया, लेकिन वह खेती में थी। फिर जयकिशोर ने मृतका के पड़ाेस में रहने वाले सुरेश मोहारे को फोन लगाकर पार्वती से बात कराने कहा। सुरेश फोन लेकर पार्वती के पास पहुंचा और जयकिशोर से बात कराई। मृतका ने करीब आधे घंटे तक जयकिशोर व अन्य रिश्तेदारों से बात की। फिर सुरेश को उसका फोन लौटाने के लिए उसके घर गई, लेकिन इसके बाद वह दोबार घर नहीं लौटी।
फागूलाल ने पड़ोसी सुरेश पर मां की हत्या करने का शक जताया है। उनके मुताबिक, सुरेश ने जेवर के लालच में मां की हत्या की है। घटनास्थल व मृतका के घर पहुंची डाग स्क्वाड भी सीधे सुरेश के घर पहुंचा, जिससे सुरेश पर शक गहरा गया है। हालांकि, जांच के बाद ही पुलिस ठोस नतीजे पर पहुंचेगी।