
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के साथ ही जिले में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन महसूस होने लगी है, जबकि रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को जिले में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में गिरावट के चलते लोगों ने अब गर्म कपड़ों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। सुबह-शाम घरों से बाहर निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं। मौसम में आए इस बदलाव का असर बाजार से लेकर खेतों तक दिखाई दे रहा है। जहां एक ओर बाजार में रजाई, कंबल और गर्म कपड़ों की खरीदारी बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर कृषि क्षेत्र के लिए भी यह मौसम अनुकूल माना जा रहा है।
बाजारों में बढ़ी गर्म कपड़ों की मांग
सर्दी बढ़ने के साथ ही बाजार में गर्म कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। दूसरी ओर सहालग का सीजन होने से भी बाजार में खरीदारी का माहौल बना हुआ है। लोग शादी-विवाह की तैयारियों के साथ ही सर्दी से बचाव के लिए स्वेटर, जैकेट, शॉल, मफलर और अन्य गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मिशन 2028: 36 हारी सीटों पर निगम-मंडल अध्यक्षों को कमान, ‘रेड-येलो-ग्रीन’ फार्मूले से साधेगी भाजपा
इसके अलावा रजाई और कंबल की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ दिखाई देने लगी है। दुकानदारों के अनुसार, मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों और बिस्तर में इस्तेमाल होने वाले गर्म सामान की मांग में तेजी आई है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने पर इनकी मांग बढ़ने की संभावना है।
मौसम में अचानक हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। दिन में धूप और रात में ठंड के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और गले में संक्रमण जैसी मौसमी समस्याओं से पीड़ित मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल सहित अंचल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य अस्पतालों की ओपीडी में मौसमी बीमारियों से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ महिला मोर्चा भाजपा की टीम यूपी में उतरी, सीएम योगी के समर्थन में घर-घर पहुंच रहीं 73 नेत्रियां
फसल के लिए फायदेमंद
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, तापमान में आई गिरावट रबी की फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। खासकर गेहूं, सरसों और मटर की फसल के लिए वर्तमान मौसम अनुकूल माना जा रहा है। पिछले दिनों तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहने के कारण खेतों में बोई गई फसलों की पौध का विकास अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहा था।
अधिक तापमान के चलते मिट्टी में नमी जल्दी कम होने और पौधों के विकास पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई थी। अब रात के तापमान में गिरावट और दिन में सामान्य धूप रहने से फसलों को अनुकूल वातावरण मिलने की उम्मीद है।
रबी की फसलों की बोवनी के लिए तापमान में गिरावट महत्वपूर्ण है। खासकर गेहूं की फसल के लिए शुरुआती अवस्था में अनुकूल तापमान मिलने से अंकुरण और पौधों के विकास में मदद मिलती है। सरसों और मटर की फसल के लिए भी वर्तमान मौसम अच्छा माना जा रहा है। ऐसे में किसानों को मौसम की स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग की सलाह के अनुसार बोवनी और फसलों की देखभाल करनी चाहिए।