
नईदुनिया न्यूज, सेवढ़ा। सनकुआं धाम स्थित बलराम शरण आश्रम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए दो साधुओं का करीब तीन महीने बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से मामला अब बड़े आंदोलन का रूप ले रहा है। दोनों साधुओं की तलाश और मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार 30 नवंबर को सेवढ़ा बस स्टैंड पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
आंदोलन के दूसरे चरण में दतिया, भिंड और ग्वालियर सहित आसपास के क्षेत्रों के संतों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के शामिल होने की अपील की गई है। बता दें कि, बलराम शरण आश्रम के महंत रामशरण महाराज उर्फ बलराम शरण (62) और उनके गुरु भाई साधु गंगाप्रसाद बघेल उर्फ गंगाशरण महाराज पांच और छह सितंबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे।
राज्यपाल को सौंपा जा चुका ज्ञापन
घटना के बाद से ही स्वजन, आश्रम से जुड़े लोग और ग्रामीण उनकी तलाश की मांग कर रहे हैं। 30 अक्टूबर को भी 50 से अधिक गांवों के सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा था।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट ने भोपाल कलेक्टर को भेजा 5 हजार का जमानती वारंट, अदालत में पेश नहीं हुए IAS अधिकारी
ज्ञापन में अपहरण, हत्या या बंधक बनाए जाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोनों साधुओं की सुरक्षित वापसी की मांग की गई थी।आश्रम से जुड़े साधकों और ग्रामीणों के अनुसार सोमवार को बस स्टैंड सेवढ़ा पर सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक धरना-प्रदर्शन होगा।
आंदोलन में विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और संत समाज के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी जितेंद्र सिंह बघेल शामिल होंगे, जबकि मुख्य वक्ता भांडेर विधायक फूल सिंह बरैया रहेंगे।
जनप्रतिनिधियों को किया आमंत्रित
इसके अलावा अटेर विधायक एवं विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, विधायक सचिन यादव, दतिया विधायक घनश्याम सिंह, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंभूदयाल बघेल, पूर्व विधायक बैजनाथ कुशवाह सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक नेताओं को आमंत्रित किया गया है।
यह भी पढ़ें- 'अधिकारियों को बचाने का प्रयास, 31 पत्रों पर नहीं हुई कार्रवाई'; एमपी हाई कोर्ट ने DGP की भूमिका पर उठाए सवाल
कार्यक्रम की अध्यक्षता सकतपुरा धाम के महंत दीनबंधु दास करेंगे।पहले भी प्रशासन को दे चुके हैं ज्ञापनदोनों साधुओं की तलाश के लिए समाजजन द्वारा पूर्व में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायतें दी जा चुकी हैं। 29 सितंबर को पुलिस अधीक्षक दतिया को आवेदन दिया गया था।
पांच अक्टूबर को थाना प्रभारी को शिकायत की प्रति सौंपी गई। इसके बाद 27 अक्टूबर को कलेक्टर की जनसुनवाई में भी मामला उठाया गया था। 30 अक्टूबर को तहसील परिसर में प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया था।
इसके बावजूद दोनों साधुओं के संबंध में कोई ऐसी जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई, जिससे स्वजन और समाज के लोगों को संतोष मिल सके। आयोजन के संयोजक एवं संचालक जसवंत सिंह बघेल, गंगासिंह बघेल, जीवनलाल बघेल ने धरने को सफल बनाने के लिए कहा है।
यह भी पढ़ें- एमपी में अब नहीं होगी टीबी से मौतें, तमिलनाडु का टीएन-केईटी मॉडल होगा लागू, मृत्यु-दर घटकर हुई 4 फीसदी