देश में अस्पतालों से बाहर निकलकर गांवों से जुड़ेंगे 500 मेडिकल कॉलेज, डायबिटीज और हाइपरटेंशन पर लगेगा अंकुश
देश के 300 से 500 मेडिकल कॉलेजों के जरिए ग्रामीण आबादी तक स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खान-पान और नियमित व्यायाम का संदेश पहुंचाया जाएगा।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 08:48:44 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 08:48:44 PM (IST)
300 से 500 कॉलेज जोड़ने का लक्ष्य, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- गांवों तक चलाया जाएगा अभियान..
- 300 से 500 कॉलेज जोड़ने का लक्ष्य
- बीमारियों को लेकर करेंगे जागरूक
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। डायबिटीज और हाइपरटेंशन जैसी गैर-संचारी बीमारियों का बढ़ता दायरा देश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन रहा है। इनसे निपटने के लिए अब इलाज के साथ रोकथाम पर भी जोर दिया जाएगा।
इसी दिशा में मेडिकल कॉलेजों को अस्पतालों से बाहर निकालकर गांवों और समुदायों से जोड़ने की तैयारी है। देश के 300 से 500 मेडिकल कॉलेजों के जरिए ग्रामीण आबादी तक स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खान-पान और नियमित व्यायाम का संदेश पहुंचाया जाएगा।
इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन (आईएपीएसएम) के राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर मनीष कुमार सिंह ने 12वीं साउथ सेंट्रल जोन आईएपीएसएम कांफ्रेंस में नईदुनिया से चर्चा के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने कम्युनिटी आउटरीच पहल शुरू की है।
बीमारियों को लेकर किया जाएगा जागरूक
इसके तहत मेडिकल कॉलेज समुदायों के साथ मिलकर गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम और व्यवहार परिवर्तन के लिए जागरूकता गतिविधियां करेंगे। इस वर्ष 300 से 500 मेडिकल कॉलेजों को पहल से जोड़ने का लक्ष्य है। इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सब-सेंटरों तक गतिविधियां पहुंचेंगी।
लोगों को खान-पान में सुधार, नियमित शारीरिक गतिविधि, वजन नियंत्रण और बेहतर दिनचर्या से डायबिटीज व हाइपरटेंशन का जोखिम कम करने की जानकारी दी जाएगी। एमबीबीएस विद्यार्थियों और एमडी रेजिडेंट्स की भी इसमें भागीदारी होगी।
इलाज के शोध को दिया जाएगा बढ़ावा
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेजों से अभियान को अच्छा सहयोग मिल रहा है। इलाज के साथ रोकथाम से जुड़े शोध को भी बढ़ावा दिया जाएगा। एसोसिएशन मेडिकल विद्यार्थियों की क्षमता और कौशल विकास पर काम कर रही है।
इम्प्लीमेंटेशन और आपरेशनल रिसर्च के जरिए सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को लागू करने में आने वाली व्यावहारिक बाधाओं की पहचान की जाएगी। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक क्यों नहीं पहुंच रहा और जमीनी स्तर पर किन बदलावों की जरूरत है।
सरकार तक पहुंचाए जाएंगे सुझाव डॉक्टर सिंह ने बताया कि कांफ्रेंस में स्वास्थ्य विशेषज्ञों के सुझाव जिला प्रशासन, राज्य सरकार और केंद्र सरकार तक पहुंचाए जाएंगे। उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन की चुनौतियां दूर करना और बीमारी गंभीर होने से पहले लोगों को स्वस्थ रहने के लिए जागरूक करना है।